Madhya Pradesh

कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से भाजपा बना रही जीत का रिकॉर्डः राकेश सिंह

कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से भाजपा बना रही जीत का रिकॉर्डः राकेश सिंह

– जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन

जबलपुर, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। पार्टी देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत से ही जबलपुर में लोकसभा और विधानसभाओं में जीत दर्ज करते हुए रिकॉर्ड बना रही है। लोकसभा के चुनाव में भी जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में हम कार्यकर्ताओं की ताकत से सर्वाधित मतों से जीतेंगे।

मंत्री राकेश सिंह मंगलवार को जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडलों में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के लोकसभा चुनाव के लिए नागपाल गार्डन मदन महल में विधानसभा चुनाव कार्यालय का शुभारंभ भी किया। कार्यकर्ता सम्मेलन को लोकसभा प्रत्याशी आशीष दुबे, महापौर जगतबहादुर सिंह अन्नू ने भी संबोधित किया।

कार्यकर्ता सम्मेलन में राकेश सिंह ने कहा कि पार्टी ने आशीष दुबे के रूप में एक योग्य, सक्षम और मजबूत कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया है। लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी से ज्यादा महत्पूर्ण भाजपा का कार्यकर्ता होता है और पश्चिम विधानसभा का प्रत्येक कार्यकर्ता आशीष दुबे के रूप में अपने-अपने बूथ के कार्य करेगा। कार्यकर्ताओं की ताकत से निश्चित ही पश्चिम विधानसभा से सबसे अधिक मतों से भाजपा को विजय मिलेगी और मुझसे भी बेहतर कार्य करके पार्टी प्रत्याशी आशीष दुबे दिखाएंगे। जबलपुर को विकसित महानगर बनाने की दिशा में हम सभी मिलकर कार्य करेंगे।

20 वर्षों में बहुत कुछ बदला, नहीं बदला तो कार्यकर्ताओं का मनोबल

उन्होंने कहा कि 20 साल पहले की परिस्थितियों को ध्यान से देखा जाए तो कई परिवर्तन हुए हैं। विकास, राजनीतिक परिस्थितियां, मुद्दे, जनभावनाएं सभी बदली हैं, पर जो नहीं बदला वह है कार्यकर्ताओं का मनोबल और उनका परिश्रम। पश्चिम विधानसभा के कार्यकर्ताओं की ताकत है कि यहां से मुझे हर बार अधिक मतों से जीत मिली है। पिछले लोकसभा चुनाव में 4 लाख 56 हजार वोट से लोकसभा जीते थे। कार्यकर्ताओं की ताकत से हम यह लोकसभा का चुनाव पांच लाख से अधिक वोटों से जीतेंगे, उसमें पार्टी को सबसे बढ़ी बढ़त पश्चिम विधानसभा मिलेगी, ऐसा हमारा विश्वास है। हमें इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लोकसभा चुनाव में प्राणपण से जुट जाना है।

युवक कांग्रेस व एनएसयूआई के प्रदेश सचिव समेत 50 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल

कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मंत्री राकेश सिंह व लोकसभा प्रत्याशी आशीष दुबे की उपस्थिति में युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनमोल सिंह, एनएसयूआई के प्रदेश सचिव राबिन तिवारी, रितेश पांडे, सौरभ यादव, अर्पित जैन, आशीष सैनी, आशु सैनी, सोनू गुप्ता, राजाराम यादव, प्रफुल रघुवंशी, अमित पांडे, अविराज खान, अभिषेक रजक, नरेंद्र तिवारी, घनस्याम बर्मन, राज बर्मन, लाली चक्रवर्ती, मुकेश नामदेव सहित 50 से अधिक कांग्रेस व एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने गिरिराज किशोर कपूर मंडल के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top