RAJASTHAN

बीकानेर रेल मंडल: फरवरी में 12.38 प्रतिशत अधिक हुई आय

बीकानेर रेल मंडल की आय में निरंतर वृद्धि, जनवरी 2024 में हुई आय 94.69 करोड़ रुपये से 12.38 प्रतिशत अधिक

बीकानेर, 15 मार्च (Udaipur Kiran) । उत्तर पश्चिम रेलवे बीकानेर मंडल की आय में निरंतर वृद्धि हो रही है। माह फरवरी 2024 में मंडल की कुल आय 106.41 करोड़ रुपए हुई जो जनवरी 2024 में हुई आय 94.69 करोड़ रुपया से 12.38 प्रतिशत अधिक है।

रेलवे के सीनियर डीसीएम महेश कुमार के अनुसार इस आय में यात्री आय, माल लदान, टिकट चेकिंग, एसएलआर लीज़िंग, खानपान/वेंडिंग, वाणिज्यिक प्रचार इत्यादि से हुई आय सम्मिलित है। मंडल को आरक्षित तथा अनारक्षित टिकटों की बिक्री से माह फरवरी 2024 में 48.51 करोड़ रुपये की आय हुई जो गत वर्ष फरवरी 2023 को हुई आय 44.54 करोड़ रुपए से 8.91 प्रतिशत अधिक है। माल लदान से माह फरवरी 2024 में 50.36 करोड़ रुपयों की आय हुई जो गत वर्ष फरवरी 2023 को हुई आय 31.71 करोड़ रुपए से 42.18 प्रतिशत अधिक है। माल लदान में जनवरी 2024 में 41.85 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ था। टिकट चेकिंग में दर्ज हुए लगभग 20 हजार मामलों से 82 लाख रुपए की आय हुई जो गत वर्ष फरवरी 2023 को 19 हजार प्रकरणों से प्राप्त आय 70 लाख रुपए से 17.14 प्रतिशत अधिक है। एसएलआर लीजिंग से 104.56 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ जो गत वर्ष फरवरी 2023 में प्राप्त राजस्व 53.71 लाख रुपये से 94.68 प्रतिशत अधिक है। खानपान/ वेंडिंग से फरवरी 2024 तक 2.28 करोड़ रुपए की आय प्राप्त हुई जो गत वर्ष फरवरी 2023 तक हुई आय 2.31 करोड़ रुपये से मामूली रूप से 01.29 प्रतिशत कम है। वाणिज्यिक प्रचार से 1.65 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ जो गत वर्ष फरवरी 2023 तक प्राप्त राजस्व 1.19 करोड़ रुपये से 38.66 प्रतिशत अधिक है।

(Udaipur Kiran) /राजीव/संदीप

Most Popular

To Top