HEADLINES

इतिहास के पन्नों में 15 अप्रैलः जिन्होंने अपनी कूची से संविधान की मूल प्रति को सजाया

फोटो

संविधान की मूल प्रति की डिजाइन करने वाले ख्यातिलब्ध चित्रकार नंदलाल बोस का 15 अप्रैल 1966 को कोलकाता में निधन हो गया। 3 दिसम्बर 1882 को बिहार के मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर में पैदा हुए नंदलाल बोस की पेंटिंग्स पर स्वाधीनता संग्राम और देसज संस्कृति का व्यापक प्रभाव था। यह उनकी मशहूर पेंटिंग्स ‘डांडी मार्च’, ‘संथाली कन्या’, ‘सती का देह त्याग’ से समझा जा सकता है।

नंदलाल बोस को भारतीय संविधान की मूल प्रति को अपने चित्रों से संवारने का मौका मिला। उन्होंने 221 पेज के इस दस्तावेज के हर भाग की शुरुआत में 8-13 इंच के चित्र बनाए। संविधान में कुल 22 भाग हैं। इस तरह उन्हें भारतीय संविधान की इस मूल प्रति को अपने 22 चित्रों से सजाने का मौका मिला। इन 22 चित्रों को बनाने में चार साल लगे। इस काम के लिए उन्हें 21,000 मेहनताना दिया गया।

सुनहरे बॉर्डर और लाल-पीले रंग की अधिकता लिए हुए इन चित्रों की शुरुआत होती है- भारत के राष्ट्रीय प्रतीक अशोक की लाट से। अगले भाग में भारतीय संविधान की प्रस्तावना है, जिसे सुनहरे बॉर्डर से घेरा गया है, जिसमें घोड़ा, शेर, हाथी और बैल के चित्र बने हैं। भारतीय संस्कृति में शतदल कमल का महत्व रहा है इसलिए इस बॉर्डर में शतदल कमल को भी नंदलाल ने जगह दी है। अगले भाग में मोहन जोदड़ो की सील दिखाई गई है। उसके अगले भाग से वैदिक काल की शुरुआत होती है जिसमें किसी ऋषि के आश्रम का चिह्न है। मध्य में गुरु बैठे हुए हैं और उनके शिष्यों को दर्शाया गया है। बगल में एक यज्ञशाला बनी हुई है।

उन्हें विश्वभारती ने ‘देशोत्तम’ तथा अनेक विश्वविद्यालयों ने डीलिट् की उपाधि से सम्मानित किया। 1954 में वे भारत सरकार द्वारा ‘पद्मविभूषण’ से सम्मानित किए गए।

अन्य अहम घटनाएंः

1817- अमेरिका में मूक बधिर बच्चों के लिए पहला स्कूल खोला गया था।

1895- बाल गंगाधर तिलक ने रायगढ़ किले में शिवाजी उत्सव का उद्घाटन किया था।

1923- शुगर पीड़ितों के लिए इन्सुलिन बाजार में आया।

1927- तत्कालीन सोवियत संघ और स्विट्जरलैंड राजनयिक संबंध बनाने पर सहमत हुए।

1948- हिमाचल प्रदेश राज्य की स्थापना हुई थी।

1955- अमेरिका ने नेवादा परीक्षण स्थल पर परमाणु परीक्षण किया था।

1994- भारत सहित 109 देशों द्वारा ‘गैट’ समझौते की स्वीकृति हुई थी।

2004- राजीव गांधी हत्याकांड से जुड़े लिट्टे उग्रवादी वी. मुरलीधरन की कोलम्बो में हत्या की गई थी।

2006- इंटरपोल ने जकार्ता सम्मेलन में एंटी करप्शन एकेडमी के गठन का प्रस्ताव दिया गया था।

2012- पाकिस्तान की एक जेल पर हुए हमले के बाद 400 आतंकवादी फरार हो गए थे।

2013- इराक में हुए बम विस्फोट से करीब 35 लोगों की मृत्यु हो गई थी और 160 घायल हुए थे।

जन्म

1972- बालीवुड अभिनेत्री व क्रिकेट कमेंटरी से जुड़ी मंदिरा बेदी।

1960- मप्र के भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा।

1940- भारत के प्रसिद्ध सारंगी वादक और शास्त्रीय गायक- सुल्तान खान।

1865- खड़ी बोली के प्रथम महाकाव्यकार अयोध्या सिंह उपाध्याय।

1452- इटली के महान चित्रकार लिओनार्दो दा विंची।

निधन

1966- चित्रकार नंदलाल बोस।

1985- हैजा के जीवाणु पर शोध कार्य करने वाले भारतीय वैज्ञानिक शंभुनाथ डे।

1998- थम्पी गुरु के नाम से प्रसिद्ध फ़्रेडरिक लेंज।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top