Delhi

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरी

नई दिल्ली, 22 मार्च (Udaipur Kiran) । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आज आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतर आई। प्रदर्शन कर रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता आतिशी और सौरभ भारद्वाज को पुलिस हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा कई अन्य नेता भी हिरासत में लिये गए हैं।

आप नेताओं का आरोप है कि पुलिस शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन भी नहीं करने दे रही है। पुलिस ने आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता आतिशी, सौरभ भारद्वाज को हिरासत में ले लिया है, जिससे वह प्रदर्शन न कर सकें। आप नेताओं का कहना है कि पुलिस ने गुरुवार रात से ही आम आदमी पार्टी के नेताओं को हाउस अरेस्ट करना शुरू कर दिया था,ताकि वे प्रदर्शन न कर सकें।

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर मंत्री आतिशी ने कहा, “यह पहली बार है कि किसी मौजूदा मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार ने गिरफ्तार किया है। देश के इतिहास में यह पहली बार है कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद किसी राष्ट्रीय पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक को गिरफ्तार किया गया है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी बीजेपी की राजनीतिक साजिश है।”

इस बीच गोपाल राय ने कहा, अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी इस देश के अंदर तानाशाही की घोषणा है और लोकतंत्र की हत्या का प्रमाण है लेकिन देश इस तानाशाही के खिलाफ लड़ेगा। आज पूरे देश में बीजेपी मुख्यालय पर प्रदर्शन हो रहा है। पूरे देश के लोग अरविंद केजरीवाल बनकर इस आवाज को उठाएंगे और इस लड़ाई को लड़ेंगे।

विरोध प्रदर्शन के चलते इन रास्तों को बंद किया गया:

उधर, दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के चलते कुछ रास्तों पर ट्रैफिक यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। मसलन, दिल्ली के डीडीयू मार्ग पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए आईपी मार्ग, विकास मार्ग, मिंटो रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग पर यातायात भारी रहेगा। डीडीयू मार्ग यातायात संचालन के लिए बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने अपील की है कि दिल्ली वाले इन इन सड़कों से बचें और अपनी यात्रा की वैकल्पिक योजना बनाएं।

(Udaipur Kiran) / अश्वनी

Most Popular

To Top