RAJASTHAN

राजस्थान में कुल 5.35 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत

राजस्थान में कुल 5.35 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत- फाइल फोटो

जयपुर, 18 अप्रैल (Udaipur Kiran) । लोकसभा आम चुनाव-2024 के लिए राजस्थान में कुल पांच करोड़ पैंतीस लाख आठ हजार दस मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें एक करोड़ 40 लाख 907 सर्विस वोटर हैं। वर्ष 2019 के लोकसभा आम चुनाव के दौरान चार करोड़ 89 लाख 56 हजार 634 मतदाता पंजीकृत थे। पिछले पांच वर्षों की तुलना में प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या में 45 लाख 51 हजार 376 की वृद्धि हो गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के सभी 25 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से पाली में सर्वाधिक 23 लाख 48 हजार 274 मतदाता पंजीकृत हैं। दौसा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 19 लाख 3 हजार 520 मतदाता है।

गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2019 के मुकाबले वर्ष 2024 में कुल मतदाताओं में सर्वाधिक वृद्धि बाड़मेर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में हुई है। बाड़मेर में 2 लाख 67 हजार 399, जयपुर ग्रामीण में 2 लाख 42 हजार 13, जालोर में 2 लाख 26 हजार 448, बांसवाड़ा में 2 लाख 25 हजार 239 और नागौर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में 2 लाख 22 हजार 333 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2019 के मुकाबले कुल 45.5 लाख मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इस अवधि में पुरुष मतदाताओं की संख्या में 23 लाख 13 हजार 653, महिलाओं की संख्या में 22 लाख 37 हजार 362 और थर्ड जेंडर मतदाताओं में 361 की वृद्धि हुई है।

गुप्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 में प्रथम चरण के मतदान के लिए 23,651 मतदान केन्द्र एवं 719 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर कुल 24,370 मतदान केन्द्र है। दूसरे चरण के मतदान के लिए 28,105 मतदान केन्द्र एवं 651 सहायक मतदान केन्द्रों को मिलाकर 28,756 मतदान केन्द्र है। इस तरह से प्रदेश में कुल 53,126 मतदान केन्द्र है। वहीं लोकसभा चुनाव 2019 में कुल मतदान केन्द्रों की संख्या 51,965 थी। प्रथम चरण के लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में 2019 के चुनावों में 23,783 मतदान केन्द्र थे, इस तरह लोकसभा चुनाव-2024 में प्रथम चरण के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 587 मतदान केन्द्रों की बढ़ोतरी हुई है।

(Udaipur Kiran) /संदीप/ईश्वर

Most Popular

To Top