Madhya Pradesh

ग्वालियर: शहर में भगवान जगन्नाथ की निकली रथ यात्रा, पुष्पों की हुई वर्षा

रथयात्रा के छायाचित्र।

ग्वालियर, 13 जुलाई (Udaipur Kiran) । अंतरराष्ट्रीय कृष्णाभावनामृत (इस्कॉन) के तत्वावधान में पुरी की तरह शहर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा शनिवार को जीवायएमसी मैदान से श्रद्धा और भक्ति-भाव के साथ निकाली गई। रथ यात्रा निकलने से पहले विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, आयोजन समिति के संयोजक देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर ‘रामूÓ ने भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा, बलदाऊ जी की रथ में पूजा अर्चना की। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भक्तों के साथ सोने की झाडू से रथ के आगे झाडू लगाते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इसके उपरांत भक्तों ने रस्सी को अपने हाथ से खींचकर यात्रा को आरंभ किया।

भक्तों को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि हमारे शहर में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकल रही है। यह एक आध्यात्मिक यात्रा है। सभी भक्त इस यात्रा का आनंद ले, इसी आनंद से हमारा आत्म कल्याण होगा। रथ यात्रा शुरू होने से पहले जीवायएमसी मैदान में सुमधुर कीर्तन व पूजा-अर्चना की गई। रथ यात्रा में भक्तों ने ‘सुर स्वागतम जगन्नाथम और ‘जय जगन्नाथ स्वामी जय जगन्नाथ शब्दों का उद्घोष किया। हजारों भक्तों ने अपने हाथों से भगवान जगन्नाथ के रथ को खींचा तो कई लोगों ने रथ को धक्का देकर आगे भी बढ़ाया। समूचा शहर भगवान जगन्नाथ की भक्ति में रंगा हुआ दिखाई दिया तो युवाओं में भी अच्छा-खासा जोश देखने को मिला।

भगवान जगन्नाथ 45 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ में सवार थे। जिसे बहुत ही आकर्षक ढंग से सजाया गया था। रथ यात्रा दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, ऊंट पुल, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, नई सड़क, हनुमान चौराहा होते हुए गोयल वाटिका पर संपन्न हुई। इस दौरान भगवान जगन्नाथ की महाआरती करते हुए हजारों भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। इस यात्रा में इस्कॉन के इंटरनेशनल चेयरमैन श्रीमद् गुुरु प्रसाद स्वामी, मध्यप्रदेश के जोनल सेके्रटरी महामना प्रभु, रीजनल सेके्रटरी प्राणेश्वर प्रभु, सभापति मनोज तोमर, विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, अशोक जैन, विनय जैन, सतीश बौहरे, प्रदीप रत्नाकर, सहित हजारों की संख्या में भक्त उपस्थित रहे।

झलकियां:-

– रथ यात्रा में विदेशी भक्तों ने भगवान जगन्नाथ की पूजा कर नृत्य किया।

– भक्तों ने भगवान जगन्नाथ के स्वागत के लिए बनाई रंगोली।

– भगवान को गर्मी नहीं लगे झुलाया पंखा।

– रथ यात्रा जिस-जिस मार्ग से गुजरी वहां लोगोंं ने छोटे-छोटे मंच बनाकर भगवान जगन्नाथ पर पुष्प वर्षा की।

– रथ यात्रा के लिए भगवान जगन्नाथ के रथ को बेहद ही आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

– रथ यात्रा के लिए सभी मार्गों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और बैनर भी लगाए गए।

– कई लोगों द्वारा रथ यात्रा में चलने वाले भक्तों के लिए शीतल जल और शरबत आदि की भी व्यवस्था की गई।

– भक्तों द्वारा बाजारों में भगवान जगन्नाथ की आरती भी की गई।

– भक्तों ने भगवान जगन्नाथ रथ के साथ खींची सेल्फी।

(Udaipur Kiran) / शरद शर्मा तोमर

Most Popular

To Top