
कानपुर, 03 मार्च (Udaipur Kiran) । बजरिया थाना क्षेत्र के ब्रह्मनगर में रहने वाले एक युवक ने सोमवार फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले वीडियो बनाकर अपने ससुराल और परिवार को भेजा। वीडियो में युवक बार-बार अपने पिता से बोल रहा कि मेरी पत्नी और बच्चे को संभाल लेना। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुट गई है।
ब्रह्मनगर इलाके में रहने वाला विशाल निगम (32) एक मोबाइल कंपनी में काम करता था। वह अपनी पत्नी पूजा और एक बच्चे के साथ अपने निजी मकान में रहता था। विशाल के बड़े विकास भाई का अपना व्यापार है। वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अलग रहते हैं। विशाल की भाभी गीता निगम भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष है। इस घटना के लिए विशाल के ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। जबकि विशाल के साले सूरज ने बताया कि जीजा विशाल कर्ज में डूबा था। इसलिए उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक रविवार की रात विशाल बर्रा के कार्रही स्थित अपने ससुराल गया था। पत्नी को मायके में छोड़कर वह अपने दोस्त के घर चला गया था। सोमवार को सुबह वह ब्रह्म नगर स्थित अपने घर वापस आ गया।
घर में अकेले था। इस दौरान उसने 3 मिनट 20 सेकंड का वीडियो बनाकर अपने ससुराल और परिवार के लोगों को भेज दिया। जिसमें उसने कहा कि उसने सबको बहुत परेशान किया है। पापा मेरी पत्नी पूजा और बच्चे को संभाल लेना। वीडियो मिलते ही पुलिस को सूचना देते हुए परिजन घर पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। उधर विशाल के साले सूरज ने बताया कि जीजा विशाल ने किसी को 30 लाख रुपए अपनी जमानत पर दिलवाए थे। लेकिन वह युवक भाग गया ऐसे में सूदखोर जीजा को परेशान करने लगे। हमसे यह सब देखा नहीं गया। इसलिए घर की ज्वेलरी देकर उनकी सहायता की थी।
बजरिया थाना प्रभारी अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई सूचना पर घर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप
