Madhya Pradesh

प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने भाजपा से जुड़ें युवा- विष्णुदत्त शर्मा

Vishnudutt Sharma

रतलाम/झाबुआ/धार, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने संगठन पर्व के तहत शनिवार को सैलाना, रतलाम, झाबुआ और धार में कार्यकर्ताओं की बैठक और सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सदस्यता की ताकत ही चुनावों में जीत की राह को आसान करती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को देश के एक करोड़ युवाओं को राजनीति में आने का आह्वान किया है। 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए युवा भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करें। संगठन शक्ति, बूथ स्तर कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम के साथ शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन में लहार विधानसभा और छिंदवाड़ा लोकसभा का चुनाव जीते हैं। अब सैलाना विधानसभा जीतना है। सैलाना को जीतने के लिए कार्यकर्ता इस विधानसभा के निर्धारित 64 हजार के लक्ष्य से अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाएं। प्रदेश में शनिवार की सुबह तक 29 लाख से अधिक लोग पार्टी के सदस्य बन चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने घरों व दुकानों पर संपर्क कर संगठन पर्व के स्टीकर चिपकाएं एवं पार्टी की सदस्यता दिलायी।

डेढ़ करोड़ के लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर रचें इतिहास

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि संगठन पर्व के तहत पहला चरण 25 सितंबर तक चलेगा और हमें डेढ़ करोड़ से ज्यादा सदस्यों के लक्ष्य को पार कर मध्यप्रदेश में रिकॉर्ड कायम करना है। प्रदेश में अभी तक 29 लाख से ज्यादा लोग पार्टी की सदस्यता ले चुके हैं, और हम टारगेट के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। 15 सितंबर को पूरे प्रदेश में किसान सदस्यता दिवस मनाया जाएगा और बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सदस्य बनाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष किसान मोर्चा, कोऑपरेटिव कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्र के हर बूथ पर सदस्य बनाएंगे।

सैलाना में 64 हजार से ज्यादा का लक्ष्य हासिल करेंगे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि सैलाना विधानसभा में 64 हजार से ज्यादा सदस्य बनाने का लक्ष्य हमें हासिल करना होगा। पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मूल मंत्र मेरा बूथ सबसे मजबूत को आगे रखकर सदस्यता अभियान में तेजी से लोगों को सदस्य बनाना होगा। सैलाना के सभी 256 बूथों में से हर बूथ पर 250 से ज्यादा सदस्य बनाने के लक्ष्य से आगे निकलना होगा। 2028 के विधानसभा चुनाव में सैलाना में इस बार वैसी ही जीत हासिल करेंगे जैसे छिंदवाड़ा लोकसभा चुनाव और लहार विधानसभा चुनाव के दौरान की गई थी।

भाजपा में प्रत्याशी नहीं, कार्यकर्ता चुनाव लड़ता है

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रत्याशी नहीं कार्यकर्ता बूथ-बूथ पर चुनाव लड़कर जीत दिलाता है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और पार्टी को किसी परिवार ने नहीं बनाया, बल्कि सामूहिक नेतृत्व के साथ पार्टी हमेशा आगे बढ़ती रही है और बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है।

भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक दल

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने रतलाम प्रबुद्धजन सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन पर्व सदस्यता अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक दल है और सदस्यता अभियान उसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अंग है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी से जुड़ते हैं। वीडी शर्मा ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि आज बड़ी संख्या में व्यापारी, वकील, चार्टर्ड एकाउंटेंट्स, डॉक्टर्स, बुद्धिजीवी आदि इस कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी से जुड़ रहे हैं। इसके लिए मैं आप सभी को बधाई देता हूं और पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं। रतलाम में संगठन पर्व कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी और वरिष्ठ नेता कन्हैयालाल मौर्य को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

विकसित भारत बनाने राजनीति में आएं युवा

विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के एक करोड़ युवाओं को राजनीति में आने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री के आह्वान का ही असर है कि मध्यप्रदेश में अभी तक जो नए सदस्य बने हैं, उनमें 40 प्रतिशत युवक-युवती हैं। मैं भी युवाओं का आह्वान करता हूं कि देश की राजनीति में आकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए राजनीति में आएं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रबुद्धजनों, युवाओं, सीए, डॉक्टर को बनाया सदस्य

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सैलाना, रतलाम, झाबुआ और धार में प्रबुद्धजनों, व्यापारियों, डॉक्टर, अधिवक्ता और सीए सहित बड़ी संख्या में युवाओं को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता दिलाई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सैलाना व रतलाम में गली-मोहल्लों में जाकर लोगों के घर व दुकान में संपर्क कर संगठन पर्व के पोस्टर चिपकाए और लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया। साथ ही प्रबुद्धजनों एवं बूथ अध्यक्षों का सम्मान भी किया।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top