Assam

तामुलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग प्रतियोगिता आयोजित

तमुलपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग प्रतियोगिता।
तमुलपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में योग प्रतियोगिता।

तमुलपुर (असम), 14 जून (Udaipur Kiran) । आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में तमुलपुर जिला प्रशासन और जिला स्वास्थ्य संस्था (आयुष) की ओर से आज तामुलपुर जिले के बरेगांव स्थित शरणिया कछारी प्रेक्षागृह में जिला स्तरीय एक योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस योग प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी पंकज चक्रवर्ती ने किया।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा, “जीवन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए हमें योग की सहायता लेनी चाहिए। शरीर की गति को नियंत्रित करने, शरीर और मन को स्वस्थ बनाए रखने के लिए योग अनिवार्य है। योगासन हमेशा शरीर और मन के समन्वय को बनाए रखता है। छात्रों की पढ़ाई में भी योगासन सहायक सिद्ध हो सकता है।”

उन्होंने कहा, “हम अपने मस्तिष्क की क्षमता को योग के माध्यम से बढ़ा सकते हैं और अपने समाज को भी स्थिर और स्वस्थ बना सकते हैं। इसलिए हमें नियमित रूप से योगाभ्यास करना चाहिए। योग के कारण पढ़ाई की शक्ति बढ़ती है और साथ ही शारीरिक क्षमता में भी वृद्धि होती है।”

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के साथ तालमेल रखते हुए जिला प्रशासन ने इस प्रतियोगिता का आयोजन छात्रों के हित में किया है। प्रतियोगिता के विजेताओं को आगामी 21 जून को होने वाले मुख्य कार्यक्रम में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

आज के कार्यक्रम में सहायक आयुक्त कविता फांगसो, स्वास्थ्य अधिकारी गौतम मेधी उपस्थित रहे। साथ ही प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में क्रमशः रीता राभा, राजेश राभा और प्रणव चक्रवर्ती ने भाग लिया।

कस्तूरबा गांधी विद्यालय के समन्वयक चिन्मय पाठक द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के सैकड़ों छात्रों ने भाग लिया।

(Udaipur Kiran) / किशोर मिश्रा

Most Popular

To Top