HimachalPradesh

हिमाचल में शीतलहर का येलो अलर्ट, 29 जनवरी से वर्षा-बर्फबारी के आसार

शिमला में मौसम

शिमला, 25 जनवरी (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 26 और 27 जनवरी को पांच जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चम्बा और मंडी में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि इन दिनों प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। लेकिन तापमान में गिरावट के कारण लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ेगा।

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में दिनभर धूप खिलने के बावजूद ठंड का असर कम नहीं हो रहा है। खासतौर पर सुबह और शाम के समय तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 29 जनवरी से प्रदेश के मौसम में बदलाव होने के आसार हैं। 29, 30 और 31 जनवरी को पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

जनजातीय इलाकों में शून्य से नीचे पारा

राज्य के जनजातीय इलाकों लाहौल-स्पीति और किन्नौर में शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इन क्षेत्रों में तापमान शून्य से काफी नीचे चल रहा है। लाहौल-स्पीति का ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा -11.7 डिग्री तक गिर गया। कूकुमसेरी में तापमान -10.2 डिग्री और केलंग में -9.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। किन्नौर के कल्पा में पारा -0.9 डिग्री दर्ज हुआ।

मध्य व निचले क्षेत्रों में भी ठंड का असर

मध्यवर्ती और निचले क्षेत्रों में भी ठंड का प्रभाव बना हुआ है। भुंतर, सियोबाग और बजुआरा में तापमान शून्य डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण लोग गर्म कपड़ों और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं। सुबह और रात के समय ठंड और अधिक कड़ाके की हो रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top