
यमुनानगर, 16 दिसंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण, मत्स्य व पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के क्षेत्र ससौली में मध्यवर्ती सीवरेज पंपिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। सोमवार को इस मौके पर कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने उपस्थित लोगों को संबाेधित करते हुए कहा कि जिस विश्वास व उम्मीद के साथ हलके की जनता ने उन्हें प्यार व मान-सम्मान देकर अपना जनप्रतिनिधि चुना है उसका वे दिल से धन्यवाद करते हैं और वे हलके की जनता को विश्वास दिलाते हैं कि वे जनता के विश्वास व उनकी उम्मीदों को कभी कम नहीं होने देंगे। उनका सबसे अधिक ध्येय जनता की समस्याओं के समाधान एवं हलके में अधिक से अधिक विकास कार्य करवाने पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि यह मेरी जीत नहीं बल्कि हलके की जनता की जीत है। उन्होंने इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी और उनका शीघ्र समाधान करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सभी वर्गों को साथ लेकर हरियाणा को और आगे ले जाने का काम किया जाएगा। प्रदेश सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कृतसंकल्प है। भाजपा ने अपने शासनकाल में सभी विधानसभा क्षेत्रों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं और आगे भी इसी नीति पर चल विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जो विकास कार्य रह गए है या अधूरे पड़े हैं उन सभी विकास कार्यों को जल्द पूरा कर दिया जाएगा ताकि जनता को उनका लाभ मिल सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा हर क्षेत्र में हर वर्ग के हित में योजनाएं बनाई जा रही हैं तथा महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी विशेष रूप से कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने आप लोगों के सहयोग से लगातार प्रदेश में प्रचंड बहुमत हासिल कर तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचा है। यह भाजपा के शासन में हुए विकासात्मक योजनाओं व होने वाले विकास कार्यों की जीत है।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
