Haryana

यमुनानगर: राजेश सपरा लगातार तीसरी बार बने भाजपा के जिला अध्यक्ष

जिला भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ जिला अध्यक्ष राजेश सपरा

यमुनानगर, 17 मार्च (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के राजेश सपरा तीसरी बार यमुनानगर के जिला अध्यक्ष बनाए गए। इस मौके पर भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा नेत्री बंतो कटारिया सहित जिले के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता भी पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने ढोल की थाप पर नाच कर खुशी मनाई और जिला अध्यक्ष को बधाई दी।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने सोमवार को इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजेश सपरा के ऊपर शीर्ष नेतृत्व ने तीसरी बार भरोसा जताया है। इनके नेतृत्व में जिला यमुनानगर में संगठन ने लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम के चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को साथ जोड़कर पार्टी के लिए बूथ स्तर पर काम करने की जिला अध्यक्ष की कार्यशैली की भी प्रशंसा की और उन्हें बधाई दी।

यमुनानगर से विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि राजेश सपरा एक ईमानदार और कर्मठ कार्यकर्ता रहे है। उनकी संगठन की कार्यशैली को देखते हुए उन्हें शीर्ष नेतृत्व कार्यकर्ताओं की रायशुमारी से उन्हें जिला संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है और उन्हें तीसरी बार जिला अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष के पद पर रहते हुए राजेश सपरा ने पिछले वर्षों में मजबूती से संगठन को जिले में खड़ा किया है, वह प्रदेश में अपने आप में एक मिसाल है। इसका श्रेय उनकी मेहनत लगन और संगठन के प्रति समर्पण भावना को दिखाता है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि आने वाले 2029 के चुनाव में भी राजेश सपरा के नेतृत्व में संगठन और कार्यकर्ताओं की सहायता से भाजपा चुनाव जीतेगी।

नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि वह शीर्ष नेतृत्व, स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हैं जिनके आशीर्वाद से मुझे तीसरी बार जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैं इसी तरह ईमानदारी और निष्ठा से संगठन को मजबूत करने में लगा रहूंगा। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्यकर्ता किसी समय भी अपनी किसी तरह की भी समस्या को लेकर जब भी मेरे पास आएगा उसका तुरंत समाधान करने का मैं पूरा प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि 2020 में जब मैं दिल्ली चला गया तो मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मुझे वापस यहां बुलाकर संगठन को मजबूत करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर आगे भी संगठन की मजबूती के लिए इसी तरह से बूथ स्तर पर काम करते रहेंगे।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top