Haryana

यमुनानगर: प्रधानमंत्री के आगमन से पहले बदलेगी शहर की सूरत, होगा सौंदर्यीकरण : आयुष सिन्हा

अधिकारियों की बैठक लेते हुए निगम आयुक्त आयुष सिन्हा

– नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों की ली बैठक

–14 अप्रैल से पूर्व काम पूरा करने के दिए निर्देश

-थर्मल पावर प्लांट की नई यूनिट का शुभारंभ करेंगे प्रधानममंत्री मोदी

यमुनानगर, 31 मार्च (Udaipur Kiran) । दीनबंधु छोटूराम थर्मल पावर प्लांट की नई यूनिट के शुभारंभ पर 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यमुनानगर में आगमन प्रस्तावित है। उनके आगमन पर तेजली खेल परिसर में कार्यक्रम होगा। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन से पूर्व शहर की सूरत बदलने वाली है। शहर का सौंदर्यीकरण होगा। शहर के सभी मुख्य मार्ग चकाचक होंगे। सड़क किनारे दीवारों की पेंटिंग कर स्वच्छ भारत, स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी व खेलों इंडिया के स्लोगन व संदेश अंकित किए जाएंगे।

सड़कों के डिवाइडर, ग्रिल, पुराने स्ट्रीट लाइट पोल, पेड़ पौधों पर पेंट कर चमकाया जाएगा। मुख्य मार्गाें की एंट्री पर वेलकम टू नगर निगम यमुनानगर जगाधरी, आई लव यमुनानगर जगाधरी से लाइट लगे गैंट्री बोर्ड लगेंगे। फूलों व तिरंगा चादरों से शहर के सभी चौकों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।

इन कार्यों को लेकर सोमवार को नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों की बैठक ली और 14 अप्रैल से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुष सिन्हा ने अभियंता शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुरुक्षेत्र यमुनानगर मार्ग, सहारनपुर रोड, अंबाला रोड, पुराना सहारनपुर रोड, जगाधरी पांवटा मार्ग, रेलवे रोड, गोविंदपुरी मार्ग, जिमखाना क्लब रोड व तेजली स्टेडियम तक आने वाले मार्गों को गड्ढा मुक्त बनाएं।

क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत करें। शहरी क्षेत्र में मार्गाें पर कारपेट बिछाने का कार्य करें। बर्म समतल करें। टूटे हुए डिवाइडर ठीक करें। डिवाइडर व ग्रिल पेंट कराए। डिवाइडर पर लगे पुराने स्ट्रीट लाइट पोल पर एल्यूमीनियम पेंट कराएं। जो लाइट खराब है, उसे तुरंत दुरुस्त कराएं। ट्री गार्ड की पेंटिंग व पेड़ पौधों की ट्रिमिंग कराए। सड़क किनारे सरकारी भवनों, अस्पतालों व अन्य भवनों की दीवारों पर वॉल पेंटिंग की जाए। मुख्य मार्गाें पर स्ट्रीट लाइट पोल पर लगी तिरंगा लाइट दुरुस्त करें। जहां नहीं है, वहां पर तिरंगा लाइट लगाएं।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top