रेवाड़ी, 31 मार्च (Udaipur Kiran) । यमुनानगर पुलिस को चकमा देकर फरार होने वाला बदमाश रेवाड़ी पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान गुरावड़ा के सचिन के रूप में हुई है।
ज्ञात हो कि यमुनानगर साइबर थाना पुलिस शनिवार को धोखाधड़ी के केस में रेवाड़ी के रामपुरा में आरोपी को पकड़ने आई थी। पुलिस को आरोपी का पता भी लग गया था। टीम ने आरोपी का पीछा भी किया लेकिन तंग गलियों का फायदा उठाकर आरोपी भागने में कामयाब हो गया। उसी दौरान आरोपी के पास से एक पिस्टल मौके पर गिर गई थी। जिसमें तीन राउंड भी थे। जिस पर रामपुरा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जिसके बाद रामपुरा थाना पुलिस ने एरिया में सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने गुरावड़ा निवासी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। रामपुरा थाना के जांच अधिकारी महेंद्र ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी हुई है। जांच की जा रही है कि आरोपी पिस्टल कहां से लाया था। इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला
