
यमुनानगर, 20 मई (Udaipur Kiran) । गांव ताज़क पुर के एक यूरिया खाद गोदाम पर डेढ़ दर्जन से अधिक नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों से होमगार्ड व सिक्योरिटी गार्ड पर हमलाकर बंधक बना लिया और गोदाम से बड़ी संख्या में यूरिया खाद के बैग लूट लिये। घायल होमगार्ड को अस्पताल में दाखिल कराया गया। पुलिस ने होमगार्ड के बयान पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
कुछ दिन पहले ही कृषि विभाग के अधिकारियों ने इस गोदाम को सील किया था। होमगार्ड अंकित ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि सोमवार की रात को उसकी ड्यूटी गांव ताजकपुर स्थित खाद के गोदाम पर लगी थी। वह ड्यूटी देने के लिए यूरिया खाद के गोदाम पर चला गया। वहां पर पहले से ही कुलदीप नाम का सिक्योरिटी गार्ड मौजूद था। वह दोनों रात को ड्यूटी दे रहे थे। रात को करीब दो बजे 15 से 20 नकाबपोश बदमाश गोदाम पर पहुंचे। आरोपियों ने आते ही उनके पास से मोबाइल छीन लिए और उन्हें बंधक बना लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी साथ लेकर पहुंचे ट्रैक्टर ट्राली में यूरिया खाद के बैग भरकर मौके से फरार हो गए। आरोपियों के जाने के बाद उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
गौरतलब है कि कृषि विभाग द्वारा गोदाम को दस दिन पहले ही सील किया गया था। कृषि विभाग के अधिकारी डॉक्टर आदित्य डबास द्वारा इस यूरिया खाद के गोदाम को अवैध रूप से चलने के आरोप में सील किया था। उस समय गोदाम में यूरिया खाद के करीब दो हजार बैग मौजूद थे। जांच के दौरान सामने आया था कि इस गोदाम को रतनपुर गांव में खोला जाना था मगर उसे रतनपुरा गांव में न खोल कर गांव ताज़कपुर में खोला गया। इसी आधार पर विभाग द्वारा गोदाम को सील किया गया था।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
