
यमुनानगर, 11 अप्रैल (Udaipur Kiran) । सरकारी विभागों में कार्यरत हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध में सभी विभागीय यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के सामने नई अनाज मंडी में इकट्ठा होकर जिला प्रधान महिपाल सौदे की अध्यक्षता में जोरदार प्रदर्शन किया व लघु सचिवालय में जाकर तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम अपनी मांगों का ज्ञापन दिया।
शुक्रवार को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य सचिव मांगे राम तिगरा व जिला सचिव गुलशन भारद्वाज ने हरियाणा सरकार द्वारा कौशल निगम कर्मचारियों को हटाए जाने के इस कदम की कड़ी निंदा करते हुए कहा की पहले तो बीजेपी सरकार ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 से पूर्व प्रदेश के 1 लाख 20 हजार कौशल निगम कर्मचारियों को 58 साल तक रोजगार सुरक्षा गारंटी की घोषणा करके वोट हासिल कर लिये। उसके बाद सत्ता में आते ही पिछले दो तीन महीनों में पंचायती राज,सिंचाई,वन विभाग सहित अन्य विभागों से हजारों की संख्या में कौशल निगम कर्मचारियों को नौकरी से निकाल कर कर्मचारियों के साथ कुठाराघात कर दिया जो कि न्याय संगत नहीं है। इसके अलावा शिक्षा विभाग में कौशल निगम के तहत लगे अध्यापकों को छह महीनों से वेतन तक नही मिला और दूसरे विभागों के कच्चे कर्मचारियों का पिछले 4 साल से एक रुपया भी वेतन नही बढ़ा है। सरकार के इस सौतेले व्यवहार को लेकर प्रदेश भर का कर्मचारी भारी रोष में है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन के माध्यम से मांग करते हुए कहा कि निकाले गए कौशल निगम कर्मचारियों की नौकरी बहाल करके उन्हें उचित रेगुलराइजेशन की पॉलिसी बनाकर पक्का किया जाए व अन्य कैटगिरी के कच्चे कर्मचारियों को भी पक्का किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 20 अप्रैल को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य स्तरीय आह्वान पर कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय पर जोरदार विशाल प्रदर्शन किया जाएगा जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
