Haryana

यमुनानगर: आज शहीद भगत सिंह को पढ़ने के साथ गहराई से समझने की है जरूरत: कृष्ण नैन

अध्यापक संघ ने किया शहीदी दिवस सेमिनार

यमुनानगर, 23 मार्च (Udaipur Kiran) । हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु के 94वें शहीदी दिवस पर जिला स्तर पर राजकीय उच्च विद्यालय गोविंदपुरी के प्रांगण में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सेमिनार आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान संजय कंबोज ने की।

रविवार को आयोजित सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित अध्यापक संघ के राज्य उप महासचिव कृष्ण नैन व अध्यापक संघ के पूर्व राज्य प्रधान जरनैल सिंह सांगवान ने कहा कि आज विश्वभर में आमजन पर हो रहे शोषण, अन्यायकारी नीतियों , सांप्रदायिकता, साम्राज्यवाद, बढ़ते पूंजीवाद और उसके खतरों से निपटने के लिए भगत सिंह की सोच को समझना होगा। दुनिया भर में आज शहीद भगत सिंह की लोकप्रियता लगातार बढती जा रही है। भगत सिंह ने शिक्षा, धर्म संप्रदाय, अर्थशास्त्र, राजनीति इत्यादि हर मुद्दे पर अपने विचार कलमबद्ध किए हैं। आज के दौर में भी उनके विचारों की प्रासंगिकता तनिक भी कम नहीं हुई है। भगत सिंह कहते थे कि इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि गोरे अंग्रेज चले जायें और काले अंग्रेज सत्ता पर काबिज हो जायें। सवाल यह है कि उस आजादी में देश के किसान और मजदूरों की कितनी हिस्सेदारी रहेगी। जिस चिंता के प्रति भगतसिंह आगाह कर रहे थे।

उन्हाेंने कहा कि आज हमारे सामने स्पष्ट रूप से वे चुनौतियाँ खड़ी है। आज भी सत्ताधारी लोग अंग्रेजों की साम्राज्यवादी और लूटपरस्त नीतियों को ही आगे बढा रहे हैं। अमीर और गरीब के बीच की खाई लगातार बढती जा रही है। मात्र दस प्रतिशत लोग देश की 77 प्रतिशत संपदा पर कब्जा जमाये बैठे हैं। आज भगत सिंह को पढ़ने और गहराई से समझने की जरूरत है ताकि भगत सिंह और उनके साथियों के समाजवादी समाज बनाने के सपनों के लिए संघर्ष तेज करने में मदद मिल सके। हमें भगत सिंह की सोच बढ़ाने के लिए उनको पढ़ना होगा, आज की परिस्थितियों के अनुसार चिंतन करना होगा और उनके अनुभवों को आज की समस्याओं से जोड़ते हुए संघर्ष करना होगा और यही शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top