Haryana

यमुनानगर: भाजपा सरकार के संरक्षणा में दस साल हुआ अवैध खनन:भूपेन्द्र हुड्डा

भूपेंद्र हुड्डा यमुनानगर में

–हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी सदस्य कांग्रेस में शामिल हुए।

— कई सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने दिया समर्थन

यमुनानगर, 29 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा के विधानसभा नेता प्रतिपक्ष एवम कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश भर में अवैध खनन सरकार के आशीर्वाद से चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आने पर नशा तस्करों और गुंडें माफिया को प्रदेश से उठाकर बाहर फेंकेंगे।

रविवार को कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनाव के चलते यमुनानगर के दशहरा मैदान में आयोजित रैली में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा कांग्रेस प्रत्याशी रमन प्रकाश त्यागी के लिए वोट की अपील करने पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ पंजाब के प्रतिपक्ष नेता प्रताप सिंह बाजवा, प्रदेशाध्यक्ष उदयभान भी पहुंचे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने रैली में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि आपके इंतजार का पसीना खाली नही जायेगा। उन्होंने कहा कि आज यमुनानगर में आया हूं। कांग्रेस की लहर चल रही है, यह फैसला 36 बिरादरी ने कर लिया है।

उन्होंने कहा कि 2014 से पहले हरियाणा प्रति व्यक्ति आय , निवेश, खेल में नंबर एक रहा। लेकिन भाजपा के दस साल के शासन में प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। जनता खुद कह रही है कि इस सरकार ने पूरे प्रदेश का भट्टा बिठा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर बुजुर्गों, दिव्यांगों और विधवाओं को छ हजार पेंशन, दो हजार रूपये प्रति माह महिलाओं को खाते में , पांच सौ रूपये का रसोई गैस का सिलेंडर मिलेगा।

किसानों को इन्होंने डंडे मारे, महंगाई चरम पर है। इनकी सरकार ठेके पर नौकरी देती है। कौशल रोजगार में दलित बच्चों को आरक्षण में नौकरी नहीं दी जाती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने दो लाख पदों को भरा जाएगा।

किसानों को एमएसपी की गारंटी देंगे। हमने गन्ने का दाम एक दो सौ रूपये बढ़ाया था। इन्होंने कभी पांच और कभी दस रूपये बढ़ाया। किसानों की जीरी आज खरीदी नही जा रही है। पोर्टल बनाकर किसानों और आम आदमी को परेशान किया गया है। निगमों में भ्रष्टाचार बढ़ा। यमुनानगर में भाजपा सरकार के आशीर्वाद से अवैध खनन हो रहा है। हमारी सरकार आने पर भ्रष्टाचार खत्म करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों के लिए आयोग बनाएंगे। रमन प्रकाश त्यागी को अधिक से अधिक मतों से जीता कर भेजें। उन्होंने कहा कि नशे पर अंकुश लगाकर और बदमाशों को प्रदेश से बाहर निकाल फेंकेंगे।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top