
यमुनानगर, 16 मई (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार द्वारा निगमों, पालिकाओं, परिषदों व अग्निशमन केंद्रों के कर्मचारियों की मानी गई मांगों के पत्र परिपत्र जारी ना करने के विरोध में शुक्रवार काे नगर निगम व दमकल कर्मी निगम कार्यालय गेट पर एक दिन की क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे।
इस मौके पर अनशनकारियों को संबोधित कर रहे महासचिव मांगें राम व अग्निशमन से मुख्य संगठनकर्ता गुलशन भारद्वाज ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से बताया कि सरकार अग्निशमन विभाग के अनुबंधित कर्मचारियों के वेतन में पांच वर्षों से बढ़ोतरी पर लगी रोक हटाने व दमकल ऑपरेटर/चालक के सर्जित पदों पर समायोजित कर पक्का करने की मांग सहित अन्य समस्याओं का समाधान करने की बजाय कमेटी गठित कर परेशान कर रही है। दमकल कर्मचारियों की मांगों के समाधान हेतु कमेटी पर कमेटी बनाना बड़ा ही हैरानगी भरा विषय है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लगातार नगर पालिकाओं, नगर परिषदों, नगर निगम व दमकल कर्मचारियों के साथ वादा खिलाफी कर रही है और मानी गई मांगों के परिपत्र जारी करने में आनाकानी कर रही हैं जिसके कारण हमें बार-बार धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समझौते में मानी गई मांगों में सफाई व सीवरमेन को नियमित भर्ती प्रक्रिया के तहत पक्का करना, जींद में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा के अनुसार शहरी व ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 27 हजार रुपये वेतन का पत्र जारी करना।
दमकल विभाग के 2268 सर्जित पदों पर 1340 पे रोल व 212 कौशल कर्मचारियों को मिलाकर के समान काम समान वेतन देना, पालिकाओं, परिषदों, निगम में अग्निशमन केंद्रों में लगे कर्मचारियों को लामबंद करना आदि शामिल है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में केंद्र व राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करते हुए नगरनिगम व दमकल विभाग के कर्मचारी नौ जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी करेंगे।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
