
यमुनानगर, 2 जनवरी (Udaipur Kiran) । अगर समय रहते भाजपा की केंद्र सरकार ने किसानों की लंबित मांगो का जल्द समाधान नहीं किया तो सरकार को गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। यह बात भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने जिला कार्यकारिणी के दौरान अपने निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश उपाध्यक्ष दीप राणा नंबरदार ने की।
गुरुवार को भाकियू (टिकैत) गुट के जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने जिला कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि किसानों ने प्रदेश सरकार की 24 फसलों की एमएसपी खरीद के दावे को नकारते हुए कहा है की प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी किसानों को गुमराह कर रहे है। उन्होंने कहा कि गुमराह करने की बजाय मुख्यमंत्री को अपनी केंद्र की सरकार से एमएसपी खरीद गारंटी के कानून का पत्र लाना चाहिए। उसके बाद ही मुख्यमंत्री का यह दावा सच साबित होगा।
उन्होंने कहा कि 4 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा की टोहाना में एक बहुत बड़ी किसान महापंचायत होगी। जिसमें देश के बड़े किसान नेता राकेश टिकैत सहित किसान मोर्चा के सभी नेता शामिल होंगे और उससे साबित होगा कि हरियाणा में भी किसान आंदोलन जारी है। महापंचायत के लिए ब्लॉक अध्यक्ष व जिला पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि यमुनानगर जिला से भारतीय किसान के यूनियन के सैकड़ो क्रांतिकारी किसान शामिल होगे। सरकार की हठधर्मी के कारण ही वयोवृद्ध किसान नेता जगमीत सिंह डल्लेवाल को आमरण अनशन पर बैठना पड़ा। भाजपा सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है और किसानों के साथ लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष रतनमान ने पूरे प्रदेश में जाकर किसानों को टोहाना महापंचायत मे पहुंचने का न्योता दिया है। इस किसान महापंचायत में सयुंक्त किसान मोर्चा कड़ा निर्णय लेगा।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
