


—शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियां रहीं आकर्षण, रासलीलाओं की झांकी की मोहक प्रस्तुति, नमो घाट पर गोवर्धन धारी की पूजा
वाराणसी, 01 नवम्बर (Udaipur Kiran) । दीपावली पर्व के दूसरे दिन शुक्रवार को केसरिया साफा बांधे यदुवंशियों ने हथुआ मार्केट चेतगंज के मुख्य गेट से विशाल गोवर्धन पूजनोत्सव शोभायात्रा निकाली। गोवर्धन पूजा समिति के बैनर तले निकली अखिल भारतीय गोवर्धन पूजनोत्सव शोभा यात्रा का उद्घाटन उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता व अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक यादव ने किया।
शोभा यात्रा में समिति के अध्यक्ष विनोद यादव ‘गप्पू’, श्री प्रकाश यादव, महामंत्री पारसनाथ यादव, जय प्रकाश यादव, राजेश अहीर, भोला यादव, गोपाल यादव, इंजीनियर अशोक यादव आदि नेताओं की मौजूदगी में समाज के युवाओं ने उल्लास पूर्ण माहौल में ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकने के साथ परम्परागत मनरी कला (लट्ठबाजी) का प्रदर्शन किया। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, वाहनों पर मथुरा के कलाकारों के रासनृत्य, भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़ी झांकियां, छत्तीसगढ़ राज्य की आकर्षक झांकी, शिव पार्वती, भगवान बलराम श्री कृष्ण की झांकी एवं ग्वाल-बाल की टोली, भूतभावन भगवान शंकर की अघोरी रूप आकर्षण का केन्द्र रही।
सड़क के दोनों ओर झांकियों के दर्शन के लिए यादव समाज के लोगों का रेला उमड़ा रहा। शोभा यात्रा के आगे-आगे शानदार आतिशबाजी का भी प्रदर्शन हुआ। शोभा यात्रा के स्वागत में जगह-जगह तोरण द्वार सजे रहे। रास्ते में यादव समाज की महिलाओं ने शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा की। यादव बन्धुओं ने जगह-जगह पर जलपान के स्टॉल लगाकर शोभा यात्रा में शामिल लोगों को जलपान करा कर पानी पिलाया। इन जगहों पर समिति के सदस्यों का माल्यार्पण, अंगवस्त्रम से सम्मान भी किया गया। शोभायात्रा परम्परागत मार्ग लहुराबीर, पिपलानी कटरा, कबीरचौरा, मैदागिन, विशेश्वरगंज, मच्छोदरी, प्रहलाद घाट, भैसासुरघाट राजघाट होते हुए गोवर्धन धाम पहुंची।
गोवर्धन धाम में समाज के लोगों ने गोवर्धनधारी का पूजन-अर्चन किया। गोवर्धन पूजा का यह ऐतिहासिक 5244वां पूजनोत्सव रहा। यहां आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में आजमगढ़ के सांसद सपा नेता धर्मेंद्र यादव और विशिष्ट अतिथि प्रदेश के राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधायक दुर्गा यादव भी शामिल होंगे। शाम को मंच पर यादव समाज के 10 विशिष्टजनों को गोवर्धन श्री सम्मान दिया जाएगा। समिति के अध्यक्ष ने बताया कि शोभा यात्रा में चार प्रदेशों के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मथुरा के कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की रासलीलाओं की झांकी की मोहक प्रस्तुति दी।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
