Madhya Pradesh

सदस्यता लक्ष्य को प्राप्त करने में प्राणप्रण से जुट जाएं कार्यकर्ताः सतीश उपाध्याय

सदस्यता लक्ष्य को प्राप्त करने में प्राणप्रण से जुट जाएं कार्यकर्ताः सतीश उपाध्याय
सदस्यता लक्ष्य को प्राप्त करने में प्राणप्रण से जुट जाएं कार्यकर्ताः सतीश उपाध्याय

भोपाल, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय ने शुक्रवार को देवास व उज्जैन में संगठन पर्व पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन पर्व में जिले के सभी कार्यकर्ता प्राणप्रण से जुट जाएं और अभियान के तहत जिले के लिए निर्धारित किए गए लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाकर प्रदेश में देवास जिले को शीर्ष पर लाने का कार्य करें।

अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करें

उपाध्याय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि भाजपा कोई दल नहीं है, एक विचार है, एक आंदोलन है। हमारा ध्येय राष्ट्र का निर्माण और जनकल्याण है। हम भारत माता के गौरव को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए काम करते हैं। हम एकात्म मानववाद के लिए संकल्पित और पंच निष्ठाओं के प्रति समर्पित हैं।

उन्होंने कहा कि देश में 1500 से अधिक राजनीतिक दल हैं, लेकिन भाजपा उन सभी से अलग है। इसलिए जब आप लोगों को सदस्य बनाने जाएं, तो उन्हें हमारा गौरवशाली इतिहास बताएं। 2019 में भाजपा की सदस्य संख्या 19 करोड़ हो गई थी। मध्यप्रदेश में भी पिछले संगठन पर्व में 96 लाख लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इस बार हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व ने तय किया है कि देश में 10 करोड़ नए सदस्य बनाना है। मध्यप्रदेश में आप सभी की सहमति से 1.5 करोड़ नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। पार्टी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में कमजोर बूथों की पहचान करें और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़कर कमजोरी को मजबूती में बदल दें।

सदस्यता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कार्यकर्ता प्राणप्रण से जुटें

उपाध्याय ने कहा कि मध्यप्रदेश में संगठन ने 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प लिया है। इसी तरह उज्जैन जिला संगठन ने नए सदस्य बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आप सभी प्राणप्रण से कार्य में जुट जाएं। उज्जैन नगर में संगठन पर्व के दौरान सबसे अधिक सदस्य बनाकर प्रदेश में शीर्ष पर आकर रिकार्ड बनाएं। श्री उपाध्याय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन पर्व के माध्यम से नए सदस्य बनाकर भारत माता की सेवा करने में जुट जाना है। भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र प्रथम है। संगठन की मजबूती से ही लगातार तीसरी बार श्री नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं। इसलिए संगठन को और मजबूत करने के लिए संगठन पर्व के दौरान कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करें।

पंच से लेकर पार्लियामेंट तक बैठे सब कार्यकर्ताः देवड़ा

उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने देवास में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि आज पंच से लेकर संसद तक हर जगह भाजपा के कार्यकर्ता देश सेवा का कार्य कर रहे हैं। यह संगठन शक्ति के कारण ही संभव हो सका है। इसलिए आप सभी संगठन पर्व में देवास जिले में रिकार्ड संख्या में नए सदस्य पार्टी से जोड़कर प्रदेश में अपने जिले को शीर्ष स्थान पर लाने का कार्य करें। मध्यप्रदेश के संगठन की अपने कार्यों और संगठन शक्ति के कारण देश-दुनिया में चर्चा होती है। हमें सदस्यता का जो लक्ष्य रखा है, उसे प्राप्त कर देश भर में पहले नंबर पर रहना है। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान प्रारंभ होने के पहले घंटे से इस लक्ष्य को ध्यान में रखकर कार्य करना है। 25, 26 और 27 अगस्त को मंडल स्तर की तथा 28 और 29 अगस्त को शक्ति केंद्र स्तर की कार्यशालाएं आयोजित की जाना है।

कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्राप्त होगा सदस्यता का लक्ष्य

देवड़ा कहा कि 31 अगस्त को जिले के सभी बूथों पर ऐसी ही कार्यशालाएं आयोजित की जाना सुनिचित करें। सदस्यता अभियान में भी मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी इतिहास बनाने जा रही है, जो आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत सही संभव होगा। उन्होंने कहा कि अपने आदर्शों और जीवन मूल्यों से देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल जी ने कभी समझौता करना स्वीकार नहीं किया। हम सौभाग्यशाली हैं, जिन्होंने वाजपेयी को साक्षात देखा है। आने वाली पीढ़ियां उनके बारे में केवल पुस्तकों में ही पढ़ पाएंगी। उन्होंने केवल एक वोट से अपनी सरकार गंवाना मंजूर किया, लेकिन विचारधारा से समझौता करना गंवारा नहीं किया।

महलों से मलीन बस्तियों में पहुचंकर सदस्यता के लक्ष्य को प्राप्त करने में जुटें कार्यकर्ताः पवैया

महाराष्ट्र के सह प्रभारी जयभान सिंह पवैया ने ग्वालियर ग्रामीण में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र प्रथम है। भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन पर्व के माध्यम से नए सदस्य बनाकर भारत माता की सेवा में जुटना है। कार्यकर्ताओं के अथक मेहनत और संगठन की मजबूती से ही लगातार तीसरी बार नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं। इसलिए संगठन को और मजबूत करने के लिए संगठन पर्व के दौरान कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करें।

पवैया ने कहा कि मध्यप्रदेश में संगठन ने 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का संकल्प लिया है, इसी तरह ग्वालियर ग्रामीण जिला संगठन ने नए सदस्य बनाने का जो लक्ष्य रखा है, उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आप सभी प्राणप्रण से कार्य में जुट जाएं। हमें महलों से लेकर मलीन बस्तियों तक पहुचंकर प्राथमिक सदस्य बनाने का कार्य करना है। ग्वालियर ग्रामीण में संगठन पर्व के दौरान सबसे अधिक सदस्य बनाकर प्रदेश में शीर्ष पर आकर रिकार्ड बनाना है। कार्यशाला को सांसद भारत सिंह कुशवाह, वरिष्ठ नेता शैलेन्द्र बरूआ, जिला प्रभारी सुशील रघुवंशी एवं जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा ने भी संबोधित किया।

(Udaipur Kiran) तोमर / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top