


– देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला
भोपाल, 14 मई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि आने वाले अभियान के दौरान हमें रानी अहिल्याबाई के कामों को स्थानीय उदाहरणों के माध्यम से जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने सेना के आवागमन से होने वाले फसलों के नुकसान के लिए मुआवजे का प्रावधान किया। उन्होंने महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए महेश्वर साड़ी उद्योग स्थापित किया। इस साड़ी को प्रमोट करने के लिए वे हर विदेशी अतिथि को यही साड़ी उपहार में देती थीं और स्वयं भी यही पहनती थीं। उनका जीवन त्यागपूर्ण था और अपने राज्य को भगवान शिव का राज्य मानकर धर्मनिष्ठ शासन करती थीं।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने बुधवार को रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती के अवसर पर चलाए जाने वाले 10 दिवसीय अभियान के संबंध में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने भी भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरूषों को माल्यार्पण तथा रानी अहिल्याबाई होल्कर के सामाजिक योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर कार्यक्रम को संबोधित किया।
शिवप्रकाश ने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए अनेक कदम उठाए। हमें इस अभियान के दौरान उनके कामों के स्थानीय उदाहरण खोजकर जनता के सामने रखना है। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को हमारे धर्म और संस्कृति की पर्याप्त जानकारी नहीं है। रानी अहिल्याबाई की 300 वीं जयंती के अवसर पर चलाए जाने वाले अभियान के दौरान हमें उन पर फोकस करना है और रानी अहिल्याबाई के उदाहरणों के माध्यम से युवाओं, युवतियों, महिलाओं, बुद्धिजीवियों तथा समाज के अन्य वर्गों को यह जानकारी देना है।
लोकमाता रानी अहिल्याबाई के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है : विष्णुदत्त शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि लोकमाता रानी अहिल्याबाई की 300 वीं जन्मजयंती के अवसर पर चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान हमें उनके आदर्शों, उनके कामों, उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। कठिन परिस्थितियों के बीच सुशासन कैसे चलाया जा सकता है, इसका उदाहरण उन्होंने प्रस्तुत किया। उन्होंने पूरे समर्पण के साथ जनता की सेवा की और वे किसी से डरती नहीं थी। उनका व्यक्तित्व, मन और हृदय विशाल था। उन्होंने 300 साल पहले औद्योगीकरण और रोजगार के बारे में सोचा। सैनिकों और उनके परिवारों की भलाई के लिए कदम उठाए। उन्होंने अपने शासन में समावेशी सिद्धांत को पोषित किया, इसलिए उनके शासन में हर व्यक्ति को अहसास रहता था कि महारानी उसकी चिंता करती हैं।
प्रधानमंत्री जी ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का निर्माण कर रहे : डॉ. महेंद्र सिंह
डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर के सपनों को पूरा करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। देवी अहिल्याबाई ने इंदौर से पूरे देश का उत्थान कर चारों धामों, सप्तपुरी, अयोध्या का राम मंदिर, रामेश्वरम, काशी विश्वनाथ सहित देशभर में तीन हजार से ज्यादा मंदिरों का जीर्णोंद्धार का काम कर भारत को सजाने का काम किया था। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चारों धामों को जोड़ने, बौद्ध और जैन सर्किट सहित सात हजार से ज्यादा मंदिरों का निर्माण और जीर्णोंद्धार का कार्य किया जा रहा है। देवी अहिल्याबाई होल्कर ने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का जो सपना 18वीं सदी में देखा था, उसे आज प्रधानमंत्री मोदी पूरा कर रहे हैं।
हमारी सरकारें देवी अहिल्याबाई के विचारों को जमीन पर उतार रही है : हितानंद
हितानंद ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती 31 मई को प्रदेश भर में मनाई जाएगी, यह कार्यक्रम 10 दिवसीय होगा। देवी अहिल्याबाई का जन्म महाराष्ट्र में हुआ, लेकिन हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि उनका संपूर्ण जीवन मध्यप्रदेश में बीता। उन्होंने इंदौर व महेश्वर में शासन करते हुए राजमाता से लोकमाता बनकर पूरे देश के विभिन्न घाटों एवं ज्योतिर्लिंगों पर सांस्कृतिक गौरव यात्रा आगे बढ़ाया। देवी अहिल्याबाई का जो विचार था, उस विचार को भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकारें जमीन पर उतारने का काम कर रहीं हैं।
उनका स्मरण हमें स्वप्नदृष्टा नहीं, संकल्प दृष्टा बनाएगा : अर्चना चिटनीस
प्रदेश शासन की पूर्व मंत्री व विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर जी ने जीवन पर्यन्त साधना और संघर्ष कर महिला, समाज, देश, सस्कृति और धर्म के शसक्तिकरण के लिए कार्य किया। उन्होंने अपने पूरे जीवन में सम्पूर्ण उत्तरदायित्व का निर्वहन बखूबी किया है। हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं, हमारा मुख्य उदेश्य जनता की सेवा करना है। इसलिए उनका स्मरण हमें स्वप्नदृष्टा नहीं, बल्कि संकल्पदृष्टा बनाएगा। भारतीय जनता पार्टी उनकी जयंती पर पूरे देश में अभियान चलाकर उनके व्यकित्व और कृतित्व को जन-जन तक पहुचाने का कार्य कर रही है, यह गौरव की बात है।
(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत
