
धमतरी, 20 नवंबर (Udaipur Kiran) । नगर निगम धमतरी समेत जिलेभर के नगरीय निकाय के प्लेसमेंट कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 19 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे निकाय के कार्यालयीन कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
नगर निगम धमतरी के प्लेसमेंट कर्मचारियों के हड़ताल में जाने से 20 नवंबर को निगम के विभिन्न शाखाओं में काम प्रभावित रहा। निगम में 254 प्लेसमेंट कर्मचारी कार्यरत है। जिसमें डाटा एंट्री आपरेटर भी शामिल है। डाटा एंट्री आपरेटरों के नहीं होने से निगम के कार्यालयीन कार्य प्रभावित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के लिए हेल्प डेस्क बनाया गया है। यहां भी प्लेसमेंट कर्मचारी कार्यरत है, इसकी वजह से कार्यालय में सन्नाटा छाया रहा। निगम में रोजाना जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी लोगों की भीड़ लगती है।
मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने आए रामपुर कांकेर की नर्मदा शोरी ने बताया कि इतने दूर में रहते हैं। आने-जाने में परेशानी होती है। मृत्यु प्रमाण पत्र में निगम के सील और साइन के लिए भटक रहे हैं। भटगांव के मनीष देवांगन अपने बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र में नाम सुधरवाने आए थे, उन्हें परेशानी उठाना पड़ रहा है। हेमलाल साहू मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए आए थे, उन्हें भी फार्म जमा करने मशक्कत हुई। प्लेसमेंट कर्मचारियों के हड़ताल में जाने से यहां भी आज लोगों की लंबी लाइन लगी थी। नियमित कर्मचारी फार्म जमा करने में लगे रहे। हड़ताल की वजह से आनलाइन कार्य प्रभावित हो रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
