Uttrakhand

देवभूमि में महिला सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील मुद्दा, न हो कोई चूक, अपनाई जाए जीरो टॉलरेंस नीति : कुसुम कंडवाल

उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल व पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार।

– महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता, बख्शे नहीं जाएंगे अपराधी : डीजीपी

देहरादून, 09 सितंबर (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अभिनव कुमार के साथ पुलिस मुख्यालय में एक बैठक की। बैठक में महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों के संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने डीजीपी अभिनव कुमार से वार्ता करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही महिला अपराधों की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की ओर से नारी सशक्तिकरण के लिए विभिन्न नए प्रयास किए जा रहे हैं। महिला सुरक्षा के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं, जिससे अपराधी बच नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में महिला सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील मुद्दा है। इसके लिए महिला आयोग और पुलिस को समन्वय बनाते हुए महिला सुरक्षा के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने के सम्मिलित प्रयास करने होंगे।

डीजीपी अभिनव कुमार ने महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। महिला अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाएंगे और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेंगे। इस दौरान महिलाओं के अधिकारों के प्रति जनजागरूकता सहित अनेक महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ।

(Udaipur Kiran) / कमलेश्वर शरण

Most Popular

To Top