
कानपुर, 18 जनवरी (Udaipur Kiran) । महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए जागरूक करना होगा। पुरुषों में जब तक श्रेष्ठता का दंभ रहेगा तब तक महिलाओं की स्थिति में सुधार नहीं हो सकता। हालांकि सरकार की ओर से महिलाओं के लिए कई योजनाओं और जागरूकता भरे कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है लेकिन हमारा भी फ़र्ज़ बनता है कि हम महिलाओं को समाज मे बराबर का दर्जा दें ताकि वह भी अपने को किसी से कमजोर न समझें। ये बातें शनिवार को सीएसजेएमयू के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कार्यशाला के दौरान कही।
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के सीनेट हॉल में एक्सेस बैंक और सीएसजेएमयू द्वारा महिलाओं के लिए एक सेल्फ डिफेंस कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा महिलाओं को सेल्फ डिफेंस के लिए जागरूक करना बेहद आवश्यक है। हमें अपने परिवारों में भी इस विषय को प्रोत्साहित करना चाहिए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस से डीएसपी विनोद कुमार यादव भी शामिल हुए और उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन और 1090 हेल्पलाइन नंबर के बारे में जानकारी दी। सरकार हेल्पलाइन के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों एवं सुरक्षा के लिए विस्तार से जानकारी एवं सहयोग प्रदान कर रही है। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से सम्बन्धित शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। जिसकी सभी ने सराहाना भी की। ग्रैंड मास्टर गौरव ने छात्राओं को सेल्फ डिफेंस और स्पोर्ट्स कराटे के बीच का अंतर बताया और ननचाकू चलाने व सेल्फ डिफेंस की तकनीकियों से भी अवगत कराया। इस कार्यक्रम में विवि के कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, डीएसपी विनोद कुमार यादव डॉ. नीरज सिंह, डॉ. सर्वेशमणी त्रिपाठी, डॉ. सोनी गुप्ता, मयूरी सिंह, डॉ. पुष्पा ममोरिया, ग्रैंड मास्टर गौरव और विवि की छात्राएं उपस्थित रही।
—————
(Udaipur Kiran) / Md. Mahmad
