Uttrakhand

महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभियान चलाएगी महिला कांग्रेस: ज्योति रौतेला

पत्रकारों से वार्ता करती महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्यौति रौतेला

हरिद्वार, 9 जून (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भाजपा सरकार पर महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्हाेंने देशभर में महिलाओं के खिलाफ हिंसा, बलात्कार और हत्या के मामले बढ़ने काे लेकर भाजपा सरकाराें काे कठघरे में खड़ा किया। महिला कांग्रेस ने बेटी बचाओ अभियान चलाने का ऐलान किया है।

साेमवार काे प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित पत्रकार वार्ता में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि राज्य में तीन वर्षों में भाजपा सरकार के राज में महिला अपराधों के मामले में उत्तराखंड देश के हिमालयी राज्यों में पहले पायदान पर आ गया है। उन्हाेंने आराेप लगाया कि जिस प्रकार से महिलाओं के खिलाफ हिंसा करने वालों को सत्ताधारी भाजपा का संरक्षण मिल रहा है। कोई आश्चर्य नहीं है कि उत्तराखंड महिला अपराध में देश के पहले पायदान पर जल्द आ जाएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों से महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं। उससे भाजपा के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ नारे की पोल खुल गई है। उन्हाेंने कहा कि एक सगी मां जो अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ स्वयं अपने पुरुष मित्रों से दुराचार करवा सकती है, तो कल्पना की जा सकती है कि वो महिला सत्ता और पैसे के लिए अन्य लोगों से क्या-क्या करवाती रही होगी। उन्हाेंने कहा कि राज्य में अलग-अलग क्षेत्रों में घटित प्रमुख हिंसा, बलात्कार, सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामलों में भाजपा के अनेक प्रमुख पदाधिकारी संलिप्त रहे है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि प्रदेश और देश में सनसनी फैलाने वाले अंकिता भंडारी कांड के आरोपिताें को उम्रकैद की सजा हो गई है। इसलिए हरिद्वार के इस पूरे प्रकरण की गहन जांच होनी चाहिए। रौतेला ने कहा कि प्रदेश महिला कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेशभर में दुराचारी नेताओं से बेटी बचाओं का व्यापक अभियान चलाएगी।

पत्रकार वार्ता के दाैरान महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग, लता जोशी, अंजू मिश्रा, आयुषी टंडन, बिंदु, मनोज सैनी, पूनम भगत, मुरली मनोहर, रचना शर्मा, नलिनी दीक्षित आदि मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top