Uttar Pradesh

बलिया में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं सम्मानित

महिला दिवस पर सम्मानित करते डीएम

बलिया, 08 मार्च (Udaipur Kiran) । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को बलिया में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालीं महिलाओं को जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार व पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सम्मानित किया।

गंगा बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला सिपाही पूजा सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. पद्मावती गौतम, अध्यापक चंचल पाठक, स्नेहा दूबे, अंजलि तोमर, सीडीपीओ पूनम सिंह, ग्राम प्रधान त्रिकालपुर अनीता सिंह, एथलेटिक्स सोनाली शुक्ला, सभासद संगीता देवी, एसआरटी नेहा, स्वास्थ्य सखी लीलावती राय व एएलएफ अध्यक्ष रेशु श्रीवास्तव को प्रशस्ति-पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के लिए नवचयनित 41 शिक्षिकाओं को नियुक्ति-पत्र भी प्रदान किया।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। राजनीति में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो। इसके लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों एवं अनेक योजनाओं के सफलतापूर्वक क्रियान्वयन से जेंडर रेशियों में भी सुधार हुआ है। आज महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर अपने परिवार का नाम रोशन कर रही है। सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में महिलाओं के पद आरक्षित किए गए हैं। महिला अधिकारियों व कर्मियों ने पदीय दायित्वों का निर्वहन उत्कृष्ट तरीके से कर शासन की योजनाओं को क्रियान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा मिशन शक्ति अभियान समय-समय पर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के कारण समाज में जागरूकता आई है। महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चाहे प्रतियोगी परीक्षा हो या एकेडमिक परीक्षाएं हो, महिलाएं हर परीक्षा में टॉप कर रही हैं। विगत वर्षों में समाज में बहुत बड़ा सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने नवचयनित शिक्षिकाओं से कहा कि बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करें, ताकि बच्चे अपने परिवार एवं देश का नाम रोशन कर सकें।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संसद एवं सरकार ने अनेक कानून बनाए हैं। अनेकों योजनाएं संचालित की हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं विभिन्न परीक्षाओं में टॉप कर रही हैं। प्रदेश सरकार द्वारा मिशन शक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रदेश के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क बनाया गया है, जहां महिलाएं अपने साथ हो रहे उत्पीड़न की शिकायत बेझिझक दर्ज करा सकती हैं। पुलिस अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर की जा रही है। महिलाओं को इन योजनाओं के विषय में भी जागरूक किया जा रहा है। कहा कि बेटों के साथ ही अपनी बेटियों को भी उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान कराए। उन्होंने कहा अगर आपकी बेटी और बहन अपने साथ हुए छेड़छाड़ आदि बताए तो इसे छुपाए नहीं, तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण विषय पर उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुमताज एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / नीतू तिवारी

Most Popular

To Top