Uttrakhand

महिला लघु व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन पर लगाया बेरोजगार करने का आरोप

पत्रकारों से वार्ता हुए

हरिद्वार, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । पिंक वेंडिंग जोन महिला स्वयं सहायता समूह की महिला लघु व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन पर उन्हें बेरोजगार करने का आरोप लगाया है। शनिवार को प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता के दौरान विजय लक्ष्मी, मीना शर्मा, सुषमा आले, निशा सिंह, पूनम शर्मा, नीलम शर्मा आदि महिलाओं ने कहा कि उन्हें रोजगार के लिए रोड़ी बेलवाला पिंक वेंडिंग जोन में नगर निगम प्रशासन द्वारा खोखे आवंटित किए गए थे। उन्होंने अपने जेवर गिरवी रखकर और बैंक से लोन आदि लेकर खोखे खरीदे हैं। सभी महिलाएं स्वरोजगार कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रही थीं। कांवड़ मेले से पूर्व व्यवस्थाएं बनाने के नाम पर प्रशासन ने पिंक वेंडिंग जोन से सभी खोखे हटवा दिए।

महिलाओं ने बताया कि पिंक वेंडिंग जोन में नगर निगम प्रशासन ने 100 खोखे आवंटित किए थे, जिनमें से 20 खोखे महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के हैं। खोखे हटाए जाने के बाद खाली हुई जगह पर पिंक वेंडिंग जोन के अन्य वेंडरों ने अतिक्रमण कर दुकानें लगा ली हैं लेकिन उन्हें दुकान नहीं लगाने दी जा रही है। महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि उनके खोखे ऐसे स्थान पर रखवा दिए गए हैं जहां उनका रोजगार नहीं चल सकता है। महिलाओं ने कहा कि वे सभी भाजपा से जुड़ी हैं। अपनी मांगों को लेकर तमाम अधिकारियों के अलावा स्थानीय विधायक व सांसद से भी गुहार लगा चुकी हैं लेकिन कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। महिलाओं ने मांग की कि कांवड़ मेले के बाद उनकी दुकानें ऐसे स्थान पर लगवायी जाएं, जहां उनका रोजगार चल सके। यदि उनकी दुकानें सही स्थान पर नहीं लगवायी गयी तो वे धरना प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगी।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top