
—इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक हाल में डीआरएम ने 29 महिला रेल कर्मचारियों को किया सम्मानित
वाराणसी, 12 मार्च (Udaipur Kiran) । पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के लहरतारा स्थित न्यू लोको कालोनी के इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक हाल में बुधवार को मंडल में कार्यरत 29 महिला रेल कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने इन महिला कर्मियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे के विभिन्न क्षेत्रों में महिलाएं महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। आज महिलाएं अपने कार्यों को न केवल बखूबी निभा रही हैं, बल्कि हर चुनौती का सामना करते हुए सफलता की नई मिसाल बन रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं को अपनी व्यस्तताओं के बीच भी अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखना चाहिए और अपने आप को महत्व देना चाहिए। महिलाओं का अस्तित्व हमेशा पहचान योग्य होना चाहिए, जिससे वे सदैव सम्मानित होने के लिए प्रेरित हों। मंडल रेल प्रबंधक ने यह भी कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल महिलाओं को बधाई देने का अवसर नहीं है, बल्कि यह उनके संघर्ष, उपलब्धियों और समाज में उनके योगदान को सम्मानित करने,उन्हें पहचानने एवं सम्मान देने का अवसर है।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर इंस्टीट्यूट की एसोसिएट प्रोफेसर और प्रिवेंटिव ऑन्कोलॉजी विभाग की प्रभारी डॉ. दिव्या खन्ना ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने महिला स्वास्थ्य के महत्वपूर्ण मुद्दों पर बात करते हुए महिलाओं में होने वाले कैंसर, विशेषकर ब्रेस्ट और यूट्रस कैंसर के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं को 40 साल की उम्र के बाद नियमित चेकअप कराना चाहिए, ताकि इन बीमारियों से बचाव किया जा सके।
इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक रोशन लाल यादव, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. ममता सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी
