

कानपुर, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत कानपुर नगर के हिन्दूपुर बांगर गांव में मां गायत्री स्वयं सहायता समूह की महिलाएं दीपावली पर्व रंगबिरंगी एवं आकर्षक आकृति वाली मोमबत्ती बनाने के कार्य में लगी हुई हैं। इस कार्य के माध्यम से समूह की महिलाएं अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं। यह जानकारी रविवार को कानपुर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की उपायुक्त सुधा शुक्ला ने दी।
उन्होंने बताया कि मां गायत्री स्वयं सहायता के नाम से संचालित हो रहे समूह में 12 महिलाएं काम कर रही है। महिलाओं ने इस वर्ष दीपावली पर्व से पूर्व रंगबिरंगी एवं विभिन्न प्रकार की आकर्षक आकृति की मोमबत्ती बनाकर लाभ कमाने का लक्ष्य रखा है। समूह की महिलाओं ने दो हजार मोमबत्ती तैयार करके राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के मुख्यालय लखनऊ भेजा है।
मां गायत्री समूह की नेतृत्व करने वाला समूह की अध्यक्ष आराधना मौर्य ने बताया कि विभिन्न प्रकार की आकर्षक आकृति वाली मोमबत्ती दीपावली पर्व से पूर्व तैयार करके उसे शहर के विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनी लगाकर मोमबत्ती बेचकर अच्छा लाभ कमाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। समूह की सभी बहनें अपने—अपने घरों की जिम्मेदारी उठाने के साथ ही इस कार्य में लगी हुई हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल
