

जयपुर, 17 जनवरी (Udaipur Kiran) । मघा नक्षत्र और सौभाग्य योग में माघ माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी शुक्रवार को महिलाओं ने संतान की लंबी उम्र और सुखी जीवन के लिए सकट चौथ का व्रत रखा। महिलाओं ने सुबह घर में बड़ी-बुजुर्ग महिलाओं से आशीर्वाद लेकर व्रत का आशीर्वाद लिया। स्नान कर मंदिर में सकट माता और गणेशजी का पूजन कर संकष्टी चतुर्थी की कथा सुनी। तिलकुट्टा सहित अन्य व्यंजनों का भोग लगाया। कई महिलाओं ने सामूहिक रूप से कथा सुनी। दिनभर भूखी रहकर शाम को चंद्रमा को अघ्र्य देकर व्रत खोला। महिलाओं ने दिन में गुड़, काले-सफेद तिल का दान भी किया। संतान सुख की कामना के साथ कई महिलाओं ने गणेशजी का केसर मिश्रित दूध से अभिषेक चंदन का लेप किया और खीर का भोग लगाया।
—————
(Udaipur Kiran)
