
नाहन, 23 मई (Udaipur Kiran) । “वूमेन फॉर ट्रीज” स्लोगन के साथ भारत सरकार के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष पर्यावरणीय अभियान की शुरुआत की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण है बल्कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक स्थिति को भी सुदृढ़ बनाना है।
अमृत मित्र इनिशिएटिव के तहत शुरू किए गए एक पेड़ माँ के नाम अभियान में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सक्रिय भागीदारी करेंगी। ये महिलाएं न केवल पौधरोपण करेंगी बल्कि अगले तीन वर्षों तक इन पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी भी निभाएंगी। इसके बदले उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी जिससे उनकी आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।
नगर परिषद नाहन ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। नगर क्षेत्र में तीन स्थानों का चयन पौधरोपण के लिए किया गया है, जहां स्वयं सहायता समूह की महिलाएं पौधे लगाएंगी। इन महिलाओं को कीटनाशक एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है और उन्हें अभियान के बारे में जागरूक किया गया है।
कार्यक्रम प्रभारी अखिलेश कुमार ने जानकारी दी कि यह अभियान जिला के शहरी क्षेत्रों में चलाया जा रहा है। महिलाओं को इससे जोड़ने के पीछे उद्देश्य यह है कि महिलाएं प्रकृति के प्रति अधिक संवेदनशील होती हैं और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
