
कटिहार, 18 मई (Udaipur Kiran) । जीविका को सहकारी बैंक के रूप में स्थापित करने के बिहार सरकार के निर्णय पर जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपना आभार प्रकट किया है। रविवार को महिला संवाद कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने कहा कि जीविका को बैंक के रूप में देखने का उनका सपना अब पूरा होने वाला है।
कार्यक्रम में 8128 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया और अपनी समस्याओं और आकांक्षाओं को साझा किया। महिलाओं ने रोजगार, स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा और जीविका हाट की मांग की। कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां भी साझा कीं।
महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं के लिए एक सशक्त मंच साबित हो रहा है, जहां वे अपनी बातें रख सकती हैं और अपनी समस्याओं का समाधान पा सकती हैं। कार्यक्रम में महिलाओं को सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है और उनकी समस्याओं का संकलन किया जा रहा है, जिसे जिला स्तर और राज्य स्तर पर सुधारा जाएगा।
महिलाओं ने जीविका भवन, बैंक ऋण के ब्याज दर में कमी और उच्च विद्यालय खोलने की मांग की। कार्यक्रम में लीफलेट और मुख्यमंत्री का सन्देश पत्र बांटा गया। महिला संवाद कार्यक्रम न सिर्फ महिलाओं की अभिव्यक्ति का माध्यम बन रहा है, बल्कि यह महिलाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला सशक्त मंच भी साबित हो रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / विनोद सिंह
