
सहारनपुर, 19 मई (Udaipur Kiran) । सहारनपुर के फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव कंधेला में 30 वर्षीय शाहजमानी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार सुबह वह अपने कमरे में बिस्तर पर मृत मिलीं।
शाहजमानी की शादी पांच साल पहले मुजफ्फराबाद में सुनार की दुकान चलाने वाले आरिफ से हुई थी। वह दो और छह माह के दो बच्चों की मां थी। मृतका मूल रूप से चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव दतौली रांघड़ की रहने वाली थी।
पति आरिफ और ससुराल पक्ष का कहना है कि महिला की मौत हृदय गति रुकने से हुई है। वहीं मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी बेटी को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने गला घोंटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। मायके पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
(Udaipur Kiran) / MOHAN TYAGI
