
फिरोजाबाद, 10 मार्च (Udaipur Kiran) । थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को एक महिला का शव घर में मिला है। महिला की हत्या हुई है। मृतका के चेहरे पर गम्भीर ज़ख्म है। पुलिस ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच में जुट गई है।
थाना सिरसागंज क्षेत्र के गांव सराय मुरलीधर निवासी कुसुम देवी (35) के पति सतीश कानपुर देहात के झींकक में मजदूरी करता है। महिला अपने तीन बच्चों के साथ गांव में रहती थी। सोमवार को दो बच्चे काम करने गए थे तथा एक बच्चा पढ़ने गया था। जब यह बच्चे लौटकर आए तो पता चला कि इनकी मां मृत अवस्था में पड़ी थी। बच्चों के शोर करने पर आस पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। इसके साथ ही पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने घटना को लेकर परिजनों से भी पूछताछ की है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित का कहना है एक महिला की संदिग्धावस्था में मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। शव को कब्जे में लिया गया है। महिला के चेहरे पर गम्भीर ज़ख्म हैं। ऐसा प्रतीत होता है हत्या करने के उद्देश्य से इनके चेहरे पर प्रहार किया गया हो। मृतका के परिजनों ने प्रारम्भिक पूछताछ में पास में ही रहने वाले एक व्यक्ति के बारे कुछ जानकारियां साझा की है। उस सम्बंध में भी जांच की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए 3 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / कौशल राठौड़
