CRIME

जींद में महिला ने लगाया फंदा,हुई मौत

शहर थाना।

जींद, 22 मई (Udaipur Kiran) । जींद में एक विवाहित महिला का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मायका पक्ष ने आरोप लगाया कि ससुराल के लोगों ने उसे मारकर फांसी के फंदे पर लटकाया है। महिला के शरीर पर चोटों के निशान भी मिले हैं। शहर थाना पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

गुरूवार को शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में रोहतक जिले के खरैंटी गांव निवासी सागर ने बताया कि वह बीए की पढ़ाई कर रहा है। उसकी बहन निशा की शादी साल 2019 में हिसार जिले के पेटवाड़ गांव निवासी रवि के साथ हुई थी।

फिलहाल रवि का परिवार जींद की भगत सिंह कॉलोनी में रह रहा है। शादी के छह महीने बाद ही निशा का पति रवि, देवर शंकर, सास गुड्डी, ससुर रामफल व चाचा ससुर रमेश, रमेश की पत्नी उसे तंग करने लगे। उसके साथ मारपीट की जाती और उससे रुपयों की मांग की जाती। उसे जान से मारने की धमकी दी जाती। उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर होते हुए भी उन्होंने चार बार डिमांड पूरी की और लाखों रुपये ससुराल के लोगों को दिए। अब फिर से चार-पांच दिन पहले उसकी बहन से ससुराल के लोग दो लाख रुपये की डिमांड करने लगे।

अब दो लाख रुपये नहीं देने पर ससुराल के लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इससे आहत निशा ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। हालांकि परिवार के लोगों का कहना है कि आरोपियों ने मारकर उसे फंदे पर लटकाया है। पुलिस को पोस्टमार्टम के दौरान महिला के शरीर पर तीन जगह चोट के निशान भी मिले हैं। शहर थाना पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top