CRIME

महिला ने खलील पर सुरेश बनकर दुष्कर्म करने का लगाया आरोप, केस दर्ज

मुरादाबाद, 21 जून (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी महिला ने थाना पुलिस को दी तहरीर में खलील नामक युवक पर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपित ने सुरेश बनकर पहले उससे दोस्ती कर ली। फिर आरोपित ने उसे किराये के मकान में ले जाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपित ने शादी करने का झांसा देकर उसे शांत कर दिया। इसके बाद आरोपित गायब हो गया और मोबाइल उठाना बंद कर दिया। पीड़िता ने किसी दूसरे नंबर से कॉल की तो आरोपित ने अपना नाम खलील बताया। तब महिला को उसके बारे में सही जानकारी हो पाई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपित और उसका सहयोग करने वाली महिला के खिलाफ शनिवार को केस दर्ज कर लिया।

पीड़ित महिला ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराए केस में बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। करीब छह माह पहले एक महिला शुगर की दवा लेने के लिए उसे अपने साथ उत्तराखंड के बाजपुर ले गई थी। बाजपुर में अनीता नाम की महिला मिली थी। अनीता अपने फार्म हाउस पर ले गई थी। इसके बाद अनीता ने पीड़िता से फोन पर बातचीत शुरू कर दी थी। करीब चार माह पहले अनीता ने कॉल की और बताया कि वह एक लड़के को उसके पास घी लेकर भेज रही है।

एक दिन महिला के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि उसे बाजपुर से अनीता ने भेजा है और रेलवे स्टेशन पर खड़ा है। इसके बाद महिला आरोपी से मिलने उसके पास चली गई। आरोपित ने अपना नाम सुरेश बताया और कहा कि उसकी पत्नी की भी मृत्यु हो चुकी है। आरोपी ने अपने माथे पर टीका और हाथ में कलावा बांध रखा था। इसके बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई थी। आरोपी उसे होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

इसके बाद आरोपित ने पीड़िता से कहा कि वह बार-बार यहां नहीं आ सकता है। उसे कोई कमरा किराये पर दिला दीजिए। इसके बाद पीड़िता ने आरोपित को सिविल लाइंस क्षेत्र में ही दो हजार रुपये में एक कमरा किराये पर दिला दिया। यहां आरोपित ने पीड़िता को बार-बार बुलाकर दुष्कर्म किया। एक दिन आरोपी ने पीड़िता से कहा कि वह उससे शादी करना चाहता है। दो दिन बाद शादी कर लेंगे। इसके बाद आरोपित कहीं चला गया और उसने कॉल उठानी बंद कर दी। तब महिला ने किसी दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से कॉल की तो आरोपी ने फोन उठा लिया और अपना नाम खलील बताया। इसके बाद पीड़िता को शक हो गया कि आरोपित ने धर्म छिपाकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। पीड़िता ने इसकी शिकायत अनीता से की तो आरोपित ने उसे धमकी दी कि अगर कहीं शिकायत की तो वह वीडियो वायरल कर देगा।

सिविल लाइन सर्किल के क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित खलील उर्फ सुरेश और उसकी सहयोगी अनीता के खिलाफ आज केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top