
सोनीपत, 23 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भाजपा
प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा के सदस्यता अभियान में लोगों का उत्साह
देखने लायक है। हर दिन लाखों लोग पार्टी की सदस्यता ले रहे हैं। उन्होंने इसे पार्टी
कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया और कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक
पार्टी है। भाजपा की सोच एक आधुनिक और प्रगतिशील राष्ट्र की है, जो प्राचीन भारतीय
संस्कृति और मूल्यों से प्रेरणा लेकर विश्व गुरु के रूप में स्थापित हो।
भाजपा
अध्यक्ष बड़ौली ने सोमवार को खरखौदा की भरत वाटिका में सदस्यता अभियान के तहत कार्यकर्ताओं
की बैठक ली। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा
कि इस अभियान के माध्यम से पार्टी का संगठन मजबूत हो रहा है। पार्टी का उद्देश्य समाज
के हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
प्रदेशाध्यक्ष
ने कहा कि भाजपा संविधान के मूल्यों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति निष्ठावान
है। पार्टी जाति, धर्म और लिंगभेद से मुक्त समाज बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने
बताया कि प्रत्येक बूथ पर तीन सक्रिय सदस्य बनाए जा रहे हैं बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष
और बीएलए-2, जो योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। बड़ौली
ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई
है। केंद्र और राज्य सरकारें जनहित में कार्य कर रही हैं। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत
हुई है, और हर क्षेत्र में विकास हुआ है। उन्होंने सबका साथ, सबका विकास के नारे को
देश के समान विकास का प्रतीक बताया। विधायक पवन खरखौदा, भाजपा जिलाध्यक्ष जसवीर दोदवा,
जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
