शिमला, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने आज विधानसभा परिसर तपोवन धर्मशाला में भाजपा के केंद्रीय वरिष्ठ नेता द्वारा संविधान निर्माता डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा पर डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्हाेंने कहा कि संविधान निर्माता के अपमान पर उन्हें माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा ‘‘संविधान निर्माता के बारे में जो अपशब्द कहे गए, वो गलत हैं और कांग्रेस पार्टी इसकी कड़ी निंदा करती है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विविधता में एकता का देश है और बाबा साहेब ने देश के सामने समानता का विचार दिया, जिससे देश में लोकतंत्र की नींव मजबूत हुई।
उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने भी भाजपा के वरिष्ठ नेता के बयान की निंदा की। उन्हाेंने कहा कि वह संविधान देने वाले बाबा साहेब आंबेडकर का अपमान कर रहे हैं।
विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि भाजपा और आरएसएस पहले भी दलित समुदाय की विरोधी थी और आज भी विरोधी हैं, यही भाजपा का असली चेहरा है।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
