Madhya Pradesh

मध्य विधानसभा में एक लाख से ज्यादा सदस्य बनाकर रिकॉर्ड बनाएंगेः विष्णुदत्त शर्मा

Vishnudutt Sharma

भोपाल, 16 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में संगठन पर्व के संबंध में भोपाल की मध्य विधानसभा की बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह जादौन, पार्टी के प्रदेश महामंत्री हरिशंकर खटिक सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया।

25 सितंबर तक मध्य विधानसभा में एक लाख सदस्य बनाएं – विष्णुदत्त शर्मा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मध्य विधानसभा में पहले भी भाजपा कई चुनाव जीत चुकी है। 2028 के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीतने के लिए हर कार्यकर्ता अपने बूथ के हर गली-मोहल्ले में घूमकर हर घर में भाजपा का सदस्य बनाएं। कार्यकर्ता मध्य विधानसभा के हर बूथ पर 250 से अधिक सदस्य बनाकर 2028 के चुनाव में जीत का इतिहास बनाएं। इस विधानसभा क्षेत्र में 256 बूथ हैं, सभी बूथों में रिकॉर्ड सदस्यता कराएं। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान जो बूथ हारे वहां पर हमारा फोकस ज्यादा होना चाहिए, ताकि अगली बार हम वहां पर भी जीत का परचम लहरा सके। मध्य विधानसभा में रविवार तक 38 हजार से ज्यादा सदस्य बनाकर राजधानी भोपाल में सबसे अव्वल चल रहा है। इस विधानसभा में 25 सिंतबर तक एक लाख से ज्यादा सदस्य बनाकर रिकार्ड कायम करना होगा, ताकि विधानसभा चुनावों में जीत की पृष्ठभूमि अभी से तैयार की जा सके। संगठन पर्व पर हर कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को भी अपनी अहम भूमिका निभानी होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का प्रत्याशी सिर्फ कमल का फूल होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूल मंत्र ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘‘ के मूल मंत्र के साथ उन बूथों पर जाकर भी सदस्य बनाए जहां हमें जीत नहीं मिली। हमें विपक्षी दल के लोगों को भी सदस्य बनाने में पीछे नहीं रहना है, यही आगे चलकर हमारा वोटर बनेगें और पार्टी को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।

मध्य विधानसभा सदस्यता के मामले में टॉप 5 में शामिल – डॉ. महेन्द्र सिंह

भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि मध्य विधानसभा मजबूत है और सदस्यता के मामले में मध्यप्रदेश में टॉप 5 में शामिल है। यहां के कार्यकर्ताओं के जोश को देखकर मुझे विश्वास है कि यहां 25 सिंतबर तक एक लाख से ज्यादा सदस्य बनेंगे और मध्य विधानसभा रिकार्ड कायम करेगा। प्रदेश में रोज सदस्यों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और अब प्रदेश डेढ़ करोड़़ से ज्यादा सदस्य बनाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। यह लक्ष्य तभी पूरा होगा जब हम 230 विधानसभा में एक लाख सदस्य या उससे ज्यादा बनाने में कामयाब होंगे। संगठन पर्व के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को तीन से चार दिन तक अपना घर छोड़कर बूथ पर प्रवास करना होगा तथा दिया गया लक्ष्य को पूर्ण करना होगा। आप सभी कार्यकर्ता ठान लें तो कोई भी लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। आज पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जो विकास के कार्य हुए हैं उससे देश ही नहीं विदेश में भी भारत का डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से लेकर हर क्षेत्र में विकास हुआ है। भारत 2047 तक हर क्षेत्र में दुनिया से आगे रहेगा उस दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेजी से कार्य कर रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top