Uttar Pradesh

डीएनए पूछने वालों की सदस्यता क्यों नहीं ली जाती : अखिलेश यादव

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बाेलते हुए

लखनऊ, 06 जून (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने यूपी विधानसभा की कार्रवाई पर सवाल उठाए। अखिलेश ने अब्बास अंसारी की सदस्यता रद्द करने के मामले में कहा कि मेरा डीएन पूछने वालों की सदस्यता क्यों नहीं ली जाती?

सपा अध्यक्ष पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह के स्टेटमेंट पर सदस्यता ली जा सकती है, तो सरकार में बैठे लोग क्या बोल रहे हैं? क्या मेरा डीएनए याद दिलाएंगे ये लोग? समाजवादियों का डीएनए पूछेंगे? जिन लोगों ने डीएनए की बात की है, उनकी सदस्यता क्यों नहीं ले रहे जज लोग?

उन्होंने कहा कि आज छत्रपति शिवाजी महाराज का हम राज्याभिषेक दिवस मना रहे हैं। यह हमें रास्ता दिखा रहा है कि किस तरह से हम पंथनिरपेक्ष होकर सबको साथ लेकर सबका सम्मान करके समाज को मजबूत कर सकते हैं।

उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता न केवल भाजपा को सस्पेंड करेगी, बल्कि हमेशा हमेशा के लिए इन्हें विदा ही कर देगी। यहां भाजपा को कोई अच्छा काम पसंद नहीं है, हर अच्छा काम यह खराब कर देते हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में जिसका नारा था जीरो टॉलरेंस वही जीरो हो गया।

अखिलेश ने कहा कि 2027 में पीडीए (दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक) सरकार में ही जातीय जनगणना होगी। शिक्षामित्र और तमाम हमारे जो नौजवान धरने, आंदोलन पर बैठे हैं उनको न्याय समाजवादी सरकार में ही मिलेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / मोहित वर्मा

Most Popular

To Top