
पाली, 28 दिसंबर (Udaipur Kiran) । नाना थानांतर्गत दूदनी के पास शुक्रवार रात एक कार नील गाय को बचाने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर नाणा थानाधिकारी रतनसिंह मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सुमेरपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्रीतेन सिंह (32) पुत्र हमीर सिंह निवासी पाली, जीतेंद्र सिंह (30) पिता गुलाब सिंह निवासी टिक्की गांव जालोर को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वही विनोद राव निवासी पाली एयर बैग खुलने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
नाणा थानाधिकारी रतनसिंह ने बताया कि तीनों दोस्त सुमेरपुर से घूमने के लिए थे। इस दौरान रात को नाणा आते समय नील गाय को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर घायल का इलाज जारी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल की माेर्चरी में रखवाया है। पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों के सुपुर्द किए जाएंगे।
हादसे के समय जितेंद्र कार चला रहा था और विनोद राव आगे की सीट पर बैठा हुआ था। वहीं प्रीतेन सिंह पीछे वाली सीट पर बैठा था। जितेंद्र सिंह जालोर जिला परिषद में नौकरी करता था।
—————
(Udaipur Kiran) / रोहित
