Punjab

हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार और छह पिस्टल बरामद

चंडीगढ़, 5 जून (Udaipur Kiran) । पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान से तस्करी कर हथियार लाकर पंजाब व अन्य राज्यों में बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। तरनतारन सीआईए की टीम ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान गांव लाखना के सूरजपाल सिंह और अर्शदीप सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार को बताया कि पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपितों ने गुप्त ठिकानों की जानकारी दी, जहां हथियार छिपा रखे थे। पुलिस ने वहां छापा मार कर 6 पिस्टल बरामद किए हैं। इनमें पांच पिस्टल 30 बोर और एक ग्लॉक पिस्टल शामिल है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

डीजीपी ने बताया कि सीआईए तरनतारन को सूचना मिली थी। इस गिरोह के सदस्य पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार मंगवाते थे। डीएसपी इन्वेस्टिगेशन गुरिंदरपाल सिंह नागरा के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। दोनों आरोपितों को इलाके में लगाए नाका पर पकड़ा गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ये हथियार कहां और किसको सप्लाई किए जाते थे। पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी की संभावना है।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top