
जयपुर, 12 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । एक कमजोर पश्चिम विक्षोभ के चलते प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 15 से 17 फरवरी के दौरान प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। बुधवार को प्रदेश के 5 शहरों का दिन का पारा 30 पार दर्ज किया गया। दिन में तेज धूप ने आमजन को सताया तो वहीं रात में सर्दी का असर बरकरार है। प्रदेश के 6 शहरों का रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मौसम मुख्यतया शुष्क रहा । 32 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 15.4 डिग्री के साथ कोटा की रात सबसे गर्म रही। 6.1 डिग्री के साथ फतेहपुर की रात सबसे सर्द रही। बाड़मेर के अलावा चित्तौड़गढ़, फलौदी, डूंगरपुर और जालौर का दिन का पारा 30 डिग्री के पार दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में हवा में आर्दता की औसत मात्रा 50 से 100 प्रतिशत के मध्य दर्ज की गई। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 25 से 33 डिग्री (सामान्य से 2-7 डिग्री अधिक) दर्ज हो रहे हैं। आगामी 48 घंटो में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री गिरावट होने तत्पश्चात पुन: तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। राज्य के अधिकांश भागों में आगामी दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 15 से 17 फरवरी के दौरान आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान 16 फरवरी को राज्य के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
हवाओं से जयपुर का दिन का पारा 3 डिग्री गिरा
जयपुर में बुधवार को दिनभर हवाएं चली। इससे जयपुर के दिन के तापमान में तीन डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर के रात के तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 27.2 और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश
