Madhya Pradesh

हम अंधविश्वासी नहीं, कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए करते हैं प्रकृति पूजा : इंदर सिंह परमार

हम अंधविश्वासी नहीं, कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए करते हैं प्रकृति पूजा : इंदर सिंह परमार

भोपाल, 3 मई (Udaipur Kiran) । हम प्रकृति को पूजते थे तो हमें अंधविश्वासी कह दिया गया। लेकिन हम अंधविश्वासी नहीं अपितु कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं क्योंकि प्रकृति हमारा पोषण करती है। जो हमारी सहायता करता है, उस अजनबी को भी हम धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। यह हमारी परंपरा है। आज अपनी परंपराओं का वैज्ञानिक ढंग से शोध करने और दुनिया के सामने लाने की आवश्यकता है।

यह विचार उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने रविवार को व्यक्त किए।

दत्तोपन्त ठेंगड़ी शोध संस्थान द्वारा आयोजित और आईसीएसएसआर द्वारा प्रायोजित ‘युवा सामाजिक विज्ञान संकाय के लिए दो सप्ताह का दक्षता निर्माण कार्यक्रम’ के समापन सत्र में उन्होंने युवा प्राध्यापकों को संबोधित किया इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि किसी देश के विद्वान ने कुछ लिख दिया, उसे ही हम प्रमाण मान कर आगे बढ़ जाते थे। हमारी परंपरा में उस विषय को लेकर देखने की हमारी आदत ही नहीं थी।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने हमें एक अवसर दिया है कि हम विभिन्न मुद्दों और विषयों को भारतीय दृष्टि से देखें। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक हमें कहा गया कि हम अज्ञानी और निरक्षर थे लेकिन कभी हमने सोचा ही नहीं कि बिना ज्ञान के क्या हम विश्वगुरु हो सकते थे? हमारे पूर्वजों ने हमारे लिए ज्ञान की परंपरा छोड़ी है, उसको वर्तमान के संदर्भों में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ों को इसलिए पूजते हैं क्योंकि वे हमें प्राणवायु देते हैं। जल स्रोतों को पूजने की परंपरा इसलिए है क्योंकि जल के बिना हमारा जीवन संभव नहीं है।

सूर्य ऊर्जा का केंद्र है, इसलिए हम उसे पूजते हैं। आज इस परंपरा का वैज्ञानिक ढंग से शोध करने और दुनिया के सामने लाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक दुनिया कहती रही कि सूर्य पृथ्वी के चक्कर लगाता है जबकि हमारे ऋषि कह रहे थे कि सूर्य केंद्र में है, पृथ्वी चक्कर लगाती है। यह बात बिना किसी अध्ययन और शोध के हमारे ऋषियों ने कही होगी क्या? हमारे वेदों पर शोध किये बिना ही उन्हें गड़रियों के गीतों का संग्रह कह दिया गया जबकि उनमें ज्ञान-विज्ञान का खजाना है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देकर कहा कि शिकागो धर्म सम्मेलन में हिन्दू धर्म का अपमान करने के उद्देश्य से श्रीमद्भागवत को सबसे नीचे रख और अन्य संप्रदायों के ग्रंथ उसके ऊपर रखे गए। स्वामी विवेकानंद ने इसका बहुत बढ़िया उत्तर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया का समूचे दर्शन और ज्ञान का आधार श्रीमद्भागवत है। सब श्रीमद्भागवत पर ही टिका हुआ है।

उन्होंने कहा कि जो लोग कहते हैं, वेद गड़रियों के गीत हैं, उनके लिए हमारा उत्तर होना चाहिए कि उस समय ज्ञान के क्षेत्र में भारत का स्थान इतना अधिक ऊंचा था कि हमारे गड़रिये भी उच्च कोटि के विद्वान थे। उन्होंने बोधायन प्रमेय का उदाहरण देकर बताया कि हमने गणित में बहुत विकास किया लेकिन इसके बाद भी हमें पश्चिम के विद्वान ही पढ़ाये गए। आर्यभट्ट ने 1400 साल से पहले पृथ्वी का व्यास निकाला। शून्य और दशमलव भारत ने दुनिया को दिए। लेकिन हम अपने पाठ्यक्रमों में यह नहीं पढ़ते थे। इतिहास को भी इसी प्रकार पढ़ाया गया। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि हम सूर्यास्त के बाद पेड़ को नुकसान नहीं पहुंचाते। यह हमारी परंपरा में है। लेकिन हमारे वैज्ञानिक जगदीशचंद्र बसु ने सिद्ध किया कि इस परंपरा के पीछे विज्ञान है। उन्होंने सिद्ध किया कि पेड़ों में भी जीवन होता है। आज दुनिया हमसे इसी प्रकार के प्रमाण मांग रही है।

कार्यक्रम के प्रारंभ में निदेशक डॉ. मुकेश कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि देशभर से 100 से अधिक आवेदन आये थे। चयन के बाद 33 प्रतिभागी इसमें शामिल हुए, जिनमें 17 महिलाएं रहीं।

—————

(Udaipur Kiran) / राजू विश्वकर्मा

Most Popular

To Top