
बांदा, 19 मार्च (Udaipur Kiran) । जनपद में विश्व जल दिवस के उपलक्ष्य में नगर पंचायत ओरन के आकाश गार्डन में जल एवं पर्यावरण गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार, जिलाधिकारी जे. रीभा और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
जलशक्ति मंत्री ने इस अवसर पर जनपद बांदा में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की 10.38 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण और 24.93 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा, लघु सिंचाई विभाग की 7.59 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण और 15.39 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इस प्रकार कुल 58.29 करोड़ रुपये की 35 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जल संरक्षण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने जल के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि गंगा, यमुना और गोदावरी जैसी नदियां हमारी धरोहर हैं, जिनका संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने भूजल स्तर को बनाए रखने और जल संकट से बचाव के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने हर खेत में मेंड़ और मेंड़ पर पेड़ लगाने का सुझाव दिया ताकि जल संरक्षण में मदद मिल सके।
राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के दो करोड़ 37 लाख घरों में जल आपूर्ति की बात कही। उन्होंने बताया कि बांदा में दो लाख 68 हजार घरों को जल कनेक्शन दिए गए हैं। केन-बेतवा लिंक परियोजना से 2.51 लाख हेक्टेयर में किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने भूजल स्तर में गिरावट पर चिंता जताते हुए वर्षा जल संचयन और संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर जल संरक्षण के कार्यक्रम आयोजित करने और पानी की पाठशाला के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की बात कही। आयुक्त अजीत कुमार ने भी जल संरक्षण के प्रति जन सहभागिता को जरूरी बताया।
कार्यक्रम में जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों और अन्य लोगों को सम्मानित किया गया। अजीत सिंह, स्वर्ण कुमार वर्मा, विनीता त्रिपाठी, अर्चना सिंह, चंदिका प्रसाद और रामभरत सिंह को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल, विधायक ओममणि वर्मा, एमएलसी पवन कुमार सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / अनिल सिंह
