
झाबुआ, 30 मार्च (Udaipur Kiran) । जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत रविवार को उदयपुरिया तालाब के गहरीकरण एवं कैचमेण्ट क्षेत्र की साफ-सफा कार्य से कर दी गई। उक्त अभियान के तहत जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई, गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार के विभिन्न कार्य किये जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग निर्मला भूरिया द्वारा रविवार को झाबुआ जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिंडल के उदयपुरिया तालाब पर भूमिपूजन एवं गेती चलाकर गहरीकरण कार्य का औपचारिक रूप से शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई, गहरीकरण एवं जीर्णोद्धार के विभिन्न कार्य किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के दौर में हमारा दायित्व है कि प्रकृति संरक्षण के सामुदायिक प्रयास किए जाएं। भूरिया ने कहा कि जल को संरक्षित करने में शासन-प्रशासन के साथ जनभागीदारी भी आवश्यक है। सामूहिक रूप से हमारे द्वारा किए गए ऐसे प्रयासों से एक और जहां आगामी समय में जल संकट से मुक्ति मिलेगी, वहीं सिंचाई के लिए भी भरपूर पानी की उपलब्धता हो सकेगी।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर नेहा मीना ने बताया कि पिछले वर्ष भी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किये गये कार्यों से जिले में सिंचाई हेतु पानी की उपलब्धता बनी रही जिससे इस वर्ष गेहूँ का रकबा 86000 हेक्टेयर से लगभग 1.04 लाख तक बढ़ गया। निश्चित ही इस वर्ष भी अभियान के तहत 15 विभागों के समन्वय से अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि जिले के सूखे नलकूपो के नजदीक भूजल रिचार्ज संरचनाएँ बनाई जाएगी। साथ ही अभियान के माध्यम से सतही जल संरक्षण के साथ-साथ भूजल संरक्षण के लिए जागरुकता हो सके जिससे सभी अपने सामुदायिक दायित्व को समझ सके।
—————
(Udaipur Kiran) / उमेश चंद्र शर्मा
