Maharashtra

विक्रोली फ्लाईओवर का काम कंप्लीट

मुंबई, 31 मई (Udaipur Kiran) । मुंबई के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों को जोड़ने वाले विक्रोली रेलवे स्टेशन के पास फ्लाईओवर का मुख्य निर्माण निर्धारित समय में पूरा हो गया है। अब लेन मार्किंग, ट्रैफिक आइलैंड और ट्रैफिक सिग्नल लगाने का काम चल रहा है और अगले दो दिनों में पूरा हो जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय करके विक्रोली पुल को जल्द ही यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। यह जानकारी शनिवार को मुंबई महानगरपालिका प्रशासन की ओर से दी गई।

मनपा के ब्रिज विभाग की ओर से विक्रोली पुल का निर्माण किया जा रहा है। , सिविल कार्यों और सहायक कार्यों की समय सीमा अतिरिक्त नगर आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने 31 मई 2025 तय की थी। इसके तहत पुल के सभी मुख्य कार्य निर्धारित समय में पूरे कर लिए गए हैं। पूर्वी उपनगरों में विक्रोली में रेलवे लाइन के ऊपर फ्लाईओवर पूर्व-पश्चिम को जोड़ेगा। यह पुल विक्रोली के पश्चिम में लाल बहादुर शास्त्री मार्ग और पूर्वी क्षेत्र में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को जोड़ेगा। इससे यात्रा के समय में करीब 30 मिनट की बचत होगी। विक्रोली रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन पर बने पुल की कुल चौड़ाई 12 मीटर और लंबाई 615 मीटर है। जिसमें से 565 मीटर का निर्माण मनपा ने किया है। शेष 50 मीटर का निर्माण रेलवे ने किया है। रेलवे विभाग ने कुल 7 बीम लगाए हैं और उनका कुल वजन 655 टन है। मनपा द्वारा इस पुल पर बिछाए गए बीम का वजन करीब 2142 टन है। इन बीम की लंबाई 25 से 30 मीटर है। पुल के तीन चरणों में कुल 18 बीम बिछाए गए हैं। इस पुल के कुल 19 खंभों में से 12 खंभे पूर्वी तरफ और 7 खंभे पश्चिमी तरफ खड़े किए जा चुके हैं।

विक्रोली फ्लाईओवर के दोनों तरफ एप्रोच रोड, लेन पर कंक्रीट, मैस्टिक, नॉइज बैरियर, एंटी-क्रैश बैरियर आदि सभी काम 31 मई 2025 तक पूरे कर लिए गए हैं। बाकी काम जैसे एक तरफ नॉइज बैरियर, पश्चिमी तरफ पेंटिंग और लेन मार्किंग अगले दो दिनों में पूरे हो जाएंगे। सड़क और परिवहन विभाग ने पश्चिमी तरफ एक ट्रैफिक वे बनाया है। वर्तमान में एक ट्रैफिक आइलैंड का निर्माण किया जा रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top