
– अपार समूह का दोनों हाथों से अभिवादन स्वीकारा, हजारों की संख्या में उमड़ा जनसैलाब
विदिशा, 15 जनवरी (Udaipur Kiran) । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को विदिशा नगर में आयोजित जनदर्शन में शामिल हुए। यहां एसएटीआई कॉलेज से शुरू हुए जनदर्शन में अपार जनसमूह ने रथ पर सवार केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गुलाब की पंखुड़ियों और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री ने जनदर्शन में हजारों की संख्या में उमड़े जनसैलाब का दोनों हाथों से अभिवादन स्वीकार किया। जनदर्शन में केन्द्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री का नगर में बनाए गए 40 से अधिक जगहों पर बनाए गए मंचों से भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने केन्द्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री को गदा भेंट किया।
रथ पर सवार होकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ-साथ प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, प्रभारी मंत्री लखन पटेन, विधायक मुकेश टंडन एसएटीआई कॉलेज गेट से शुरू हुए जनदर्शन में अहमदपुर चौराहा होकर पीतल मील चौराहा तक पहुंचे। निर्धारित रूट पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों के साथ-साथ राजनीतिक पदाधिकारियों के द्वारा पृथक-पृथक स्थलों पर पंडालो में लगाए गए स्टालों पर मौजूद रहकर फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। जनदर्शन में डीजे, ढोल, नगाड़े इत्यादि से स्वागत किया जा रहा था। जगह-जगह स्वागत द्वार, तोरण द्वार व स्टॉल सजाए गए थे। स्टालो में मौजूद जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिकों, कर्मचारी संगठनो के पदाधिकारियों ने उपहार भी भेंट किए।
जनदर्शन के दौरान निर्धारित मार्ग पर 40 से अधिक जगहों पर सामाजिक संगठनों के द्वारा स्टाल सजाए गए, जिनमें बेतवा उत्थान समिति, एसएसएल जैन कॉलेज, समस्त शासकीय शाला संचालक समिति, ऑल इंडिया मुस्लिम त्यौहार कमेटी, भारतीय मजदूर संघ, इलेक्ट्रीशियन यूनियन, अखिल भारतीय रघुवंशी क्षत्रिय महासभा, पंचायत सचिव संगठन, आशा और आशा सहयोगिनी श्रमिक संघ, रोटरी क्लब भेलसा, और सनातन श्री हिंदू उत्सव समिति के सदस्यों ने स्वागत किया।
केन्द्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री का हेलीपैड पर अभिनंदन
इससे पहले केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री मोहन यादव और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल विदिशा की एसएटीआई हेलीपैड स्थल पर उतरने पर नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियो, युवाओं ने पृथक-पृथक अभिनंदन कर स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री जैसे ही हेलीकाप्टर से उतरे, सबसे पहले संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक ने अभिवादन किया इसके पश्चात् केन्द्रीय मंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को गुलदस्ता भेंटकर विदिशा की पावन धरती पर स्वागत किया। तदोपरांत विधायक मुकेश टण्डन, सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने यहा जनप्रतिनिधियों से संवाद किया।
(Udaipur Kiran) तोमर
